रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
दुर्ग:सरकारी नौकरी के नाम पर 5.90 लाख ठगने वाला आरोपी छतरपुर से गिरफ्तार – Durg Accused Of Duping Rs 5.90 Lakh In The Name Of Government Job Arrested From Chhatarpur
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग:सरकारी नौकरी के नाम पर 5.90 लाख ठगने वाला आरोपी छतरपुर से गिरफ्तार – Durg Accused Of Duping Rs 5.90 Lakh In The Name Of Government Job Arrested From Chhatarpur

November 24, 2026


Durg Accused of duping Rs 5.90 lakh in the name of government job arrested from Chhatarpur

गिरफ्तार आरोपी

विस्तार

दुर्ग जिले के सुपेला थाना पुलिस ने शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर 5.90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को मध्य प्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भिलाई निवासी एक पीड़ित को पहले रायपुर नगर निगम और उसके बाद मंत्रालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। रकम ठगने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दुर्ग न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

झांसा देकर ली लाखों की रकम

भिलाई निवासी पीड़ित तापस मंडल ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले पीड़ित को रायपुर नगर निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये लिए थे। हालांकि नौकरी न लगने पर आरोपी ने वह रकम वापस लौटा दी थी। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को अपने झांसे में लेते हुए मंत्रालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर स्थायी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने 21 मई, 2025 से 24 अगस्त, 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से कुल 5.90 लाख रुपये की राशि स्थानांतरित कर दी। लंबी अवधि बीत जाने और पूरी रकम ऐंठ लेने के बाद भी आरोपी ने प्रार्थी को कोई नौकरी नहीं दिलाई।

न्यायालय के आदेश पर शुरू हुई कार्रवाई

नौकरी न मिलने और ठगी का अहसास होने पर पीड़ित तापस मंडल ने सीधे न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश पर सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित और मामले से जुड़े गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए। इसके साथ ही पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के लेनदेन का ब्योरा जुटाया, जिसमें लाखों रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई। जांच में शामिल होने के लिए पुलिस ने आरोपी को कई बार समन भेजकर उपस्थित होने के निर्देश दिए, लेकिन आरोपी लगातार पुलिस के समक्ष पेश होने से बचता रहा।

छतरपुर से गिरफ्तारी और न्यायिक रिमांड

आरोपी के जांच में सहयोग न करने पर पुलिस की विशेष टीम ने उसकी पतासाजी शुरू की। लगातार तकनीकी निगरानी और सुराग जुटाने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को मध्य प्रदेश के छतरपुर से धर दबोचा। पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर दुर्ग पहुंची। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों के जरिये प्रार्थी से रकम हासिल करने और उसे व्यक्तिगत खर्चों में उड़ाने का अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में प्रार्थी को 10 हजार रुपये वापस लौटाने की बात भी कबूली। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर आरोपी को दुर्ग न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने सुनवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X