संडीला। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अशोक रावत ने कहा कि देश और समाज के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभाग का उपयोग सकारात्मक कार्याें में करना चाहिए। वह रविवार को संडीला के रामलीला मैदान पर आयोजित युवा संवाद महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
सम्मेलन में उमड़े युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद अशाेक रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रही हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। युवाओं को चाहिए कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कौशल विकसित कर आत्मनिर्भर बनें। शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान और हुनर को भी उन्होंने जरूरी बताया।
महासम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों से आए मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान की पुस्तकों का वितरण भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के आयोजक कर्नल आदित्य प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम में उमड़े युवाओं का आभार जताया। महासम्मेलन में राजेश अवस्थी, अभय गुप्ता, प्रेम बाबा, अतुल तिवारी, शिवम अस्थाना, तीर्थ राज सिंह आदि मौजूद रहे।