दौसा:पंचायत चुनाव से पहले पुलिस अलर्ट, 100 जवानों को बलवा नियंत्रण की ट्रेनिंग; ड्रोन से भी होगी निगरानी – Dausa Police Stage A Show Of Strength Ahead Of Panchayat Elections; 100 Personnel Undergo Training
आगामी पंचायतीराज आम चुनाव 2026 से पहले दौसा पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देश पर करीब 100 पुलिस अधिकारियों और जवानों को बलवा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित इस अभ्यास में एएसपी लालसोट, वृत्ताधिकारी नांगल, महवा और दौसा सिटी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक शामिल हुए। इसके अलावा मेहंदीपुर बालाजी और झांपदा के थानाधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में पदस्थापित निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल ने भी प्रशिक्षण लिया।
गैस गन से वज्र वाहन तक, आधुनिक उपकरणों का अभ्यास
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। बलवा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया और उनके संचालन की जानकारी दी गई। बलवा परेड और भीड़ नियंत्रण: उपद्रव की स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करने, घेराबंदी करने और उसे तितर-बितर करने का अभ्यास कराया गया। आधुनिक हथियारों का प्रशिक्षण: जवानों को गैस गन चलाने के साथ विभिन्न प्रकार के ग्रेनेड और गैस सेल के उपयोग की जानकारी दी गई। वज्र वाहन का संचालन: दंगाइयों को नियंत्रित करने में इस्तेमाल होने वाले वज्र वाहन की कार्यप्रणाली और उसके उपकरणों के संचालन के बारे में बताया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने के लिए तैयार करना है। चुनाव के दौरान छोटी-छोटी बातों पर विवाद और झगड़े होने की आशंका रहती है। ऐसे में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और कार्यकुशलता कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगी।
पढ़ें: पुलिस पर दबाव से लेकर परिसीमन में धांधली तक…पूर्व सीएम गहलोत ने भजनलाल सरकार पर लगाए आरोप; क्या कहा?
ड्रोन से होगी निगरानी, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी नजर
पंचायत चुनाव के दौरान पुलिस जमीन के साथ-साथ आसमान से भी निगरानी करेगी। इसके लिए दौसा पुलिस की ड्रोन टीम को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। पुलिस लाइन में ड्रोन संचालन का लगातार अभ्यास कराया जा रहा है।
ड्रोन के जरिए संवेदनशील मतदान केंद्रों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। ड्रोन फुटेज की मदद से भीड़ जुटने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया जा सकेगा। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पुलिस की निगरानी क्षमता बढ़ाने और समय पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जवानों को प्रशिक्षित कर हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
