धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता के कारण आरोपियों के मंसूबे नाकाम हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
यह घटना 23 नवंबर की सुबह हुई, जब ग्राम सेन्हाभाठा की एक युवती अपने होटल से सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास आरोपियों ने युवती का रास्ता रोक लिया। मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ बदसलूकी और अश्लील हरकत की, फिर उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसका मुंह दबाया और दांत से गाल पर काटकर घायल कर दिया।
घटनाक्रम और बचाव
आरोपी युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने लगे। युवती को ले जाने की भनक लगते ही बोरसी पुरैना मोड़ के पास युवती के परिजन कैलाश साहू और स्थानीय ग्रामीणों ने घेराबंदी कर ली। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी बाइक CG 04 PR 3899 मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की शिकायत मिलते ही मगरलोड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने संदेही आरोपी पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष, निवासी ग्राम गिरौद) को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस की टीमें फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश में जुटी हैं।