नशे की महामारी पूरे दोआबा क्षेत्र को बर्बाद कर रही :हरसिमरत – The Drug Epidemic Is Devastating The Entire Doaba Region: Harsimrat
लुधियाना/जगरांव। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत बादल ने सोमवार को आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री मान पर नशे के मुद्दे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की महामारी पूरे दोआबा क्षेत्र को बर्बाद कर रही है जबकि मुख्यमंत्री केवल प्रचार में व्यस्त हैं।
एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की आपबीती सुनकर हरसिमरत बादल भावुक हो गईं। इस बुजुर्ग के बेटे की छह महीने पहले नशे से मौत हो गई थी। हरसिमरत ने मल्लां गांव में 18 और जगरांव शहर में 14 युवाओं की मौत का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्या को स्वीकार करने के बजाय उसे दबाने में जुटी है। नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के बावजूद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक वैभव चौधरी का तबादला तक नहीं किया गया।
हरसिमरत बादल ने आप सरकार के अभियान को युद्ध पंजाब विरुद्ध करार दिया। उन्होंने महिलाओं से नशे के खिलाफ खुद कमान संभालने का आह्वान किया। सांसद ने वादा किया कि 2027 में शिअद की सरकार बनने पर महिला डीजीपी के नेतृत्व में एक विशेष टास्क फोर्स गठित की जाएगी। साथ ही, नशा तस्करों को 10 साल तक जमानत न मिलने का कानून बनाया जाएगा। उनकी संपत्ति जब्त कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।
