रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
नागौर:बेनीवाल की सियासी सुनामी में 7 सीटों पर सिमटी भाजपा, ज्योति मिर्धा के सामने अब अस्तित्व की चुनौती – Nagaur: Bjp Wins Just 7 Of 37 Zila Parishad Seats As Rlp Secures Majority, Raising Questions Over Strategy
नागौर

नागौर:बेनीवाल की सियासी सुनामी में 7 सीटों पर सिमटी भाजपा, ज्योति मिर्धा के सामने अब अस्तित्व की चुनौती – Nagaur: Bjp Wins Just 7 Of 37 Zila Parishad Seats As Rlp Secures Majority, Raising Questions Over Strategy

November 22, 2026


राजस्थान की राजनीति में नागौर का अपना अलग महत्व है। यह वही जिला है, जहां से पंचायती राज व्यवस्था की शुरुआत हुई थी लेकिन 2026 के पंचायती राज चुनाव परिणामों ने भाजपा के लिए कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद नागौर जिला परिषद की 37 सीटों में पार्टी को महज 7 सीटों पर जीत मिली, वहीं कांग्रेस ने 11 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 19 सीटें जीतकर जिला परिषद में बहुमत हासिल किया।

इस परिणाम के बाद सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा की राजनीतिक भूमिका और नागौर में पार्टी की कमजोर होती चुनावी स्थिति को लेकर हो रही है। सवाल यह भी है कि जिस चेहरे को भाजपा ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बड़े राजनीतिक दांव के रूप में पार्टी में शामिल किया था, क्या वह नागौर में पार्टी को अपेक्षित राजनीतिक मजबूती दिला पाया?

बड़े दांव के साथ हुई थी एंट्री

11 सितंबर 2023 को डॉ. ज्योति मिर्धा ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा का दामन थामा था। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में उनकी सदस्यता हुई थी।

ज्योति मिर्धा पश्चिमी राजस्थान के दिग्गज नेता रहे नाथूराम मिर्धा की पोती हैं। वह नागौर से सांसद भी रह चुकी हैं। भाजपा में उनकी एंट्री को जाट बहुल नागौर संसदीय क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा गया था। भाजपा को उम्मीद थी कि ज्योति मिर्धा के आने से कांग्रेस के पारंपरिक जाट वोट बैंक में सेंध लगेगी और नागौर में हनुमान बेनीवाल की राजनीतिक चुनौती का मुकाबला करने में मदद मिलेगी।

इसके बाद भाजपा ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में नागौर से उम्मीदवार बनाया। मुकाबला हनुमान बेनीवाल और ज्योति मिर्धा के बीच हुआ, जिसमें बेनीवाल ने जीत दर्ज की। विधानसभा चुनाव में भी ज्योति मिर्धा नागौर सीट से मैदान में उतरीं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

चुनावी नतीजों में भाजपा की जमीन कितनी खिसकी?

पंचायती राज चुनाव के नतीजे नागौर में भाजपा के प्रदर्शन की समीक्षा की जरूरत को रेखांकित करते हैं। जिला परिषद की 37 सीटों का गणित इस प्रकार रहा:








पार्टी जीती सीटें
RLP 19
कांग्रेस 11
भाजपा 7
कुल 37

RLP ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया, जबकि भाजपा तीसरे स्थान पर रही।

जिले की 12 पंचायत समितियों के कुल 212 वार्डों में भी भाजपा 39 सीटों पर सिमट गई। उपलब्ध परिणामों के अनुसार RLP को 91, कांग्रेस को 64, भाजपा को 39 और निर्दलीयों को 18 सीटें मिलीं। यहां एक खास बात यह भी है कि श्रीबालाजी-अलाय पंचायत समिति में भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल पाई। दूसरी तरफ पांचौड़ी और खींवसर जैसे क्षेत्रों में RLP का प्रदर्शन चर्चा में रहा। डेगाना पंचायत समिति में कांग्रेस ने 23 में से 12 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। डेह में भी कांग्रेस को 15 में से 9 सीटें मिलीं। यानी भाजपा के सामने चुनौती केवल RLP की नहीं, बल्कि कांग्रेस की ग्रामीण क्षेत्रों में बनी पकड़ की भी है।

ये भी पढ़ें: एक झपकी और उजड़ गया पूरा परिवार!: राजस्थान में खाटू श्याम से लौट रहे वाहन की ट्रक से टक्कर; नौ की मौत, कई घायल

राजनीतिक परिवारों को भी मतदाताओं ने दिया झटका

इन चुनावों में राजनीतिक परिवारों से जुड़े कुछ प्रत्याशियों को भी हार का सामना करना पड़ा। उपलब्ध चुनावी विवरण के अनुसार जायल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक एवं राज्य मंत्री मंजू बाघमार के परिवार से जुड़ी श्वेता पंवार को वार्ड संख्या 31 में कांग्रेस प्रत्याशी ने हराया। बताया जा रहा है कि वे जिला प्रमुख पद की दावेदारी भी कर रही थीं। इसी तरह मेड़ता के पूर्व विधायक सुखराम नेतड़िया को भी वार्ड संख्या 15 से हार का सामना करना पड़ा। डेगाना पंचायत समिति के वार्ड संख्या 13 में भाजपा विधायक अजय सिंह किलक के परिवार से जुड़ी मंदीप चौधरी भी चुनाव नहीं जीत सकीं।

इन परिणामों ने यह संकेत दिया कि स्थानीय चुनावों में राजनीतिक पहचान और परिवार का प्रभाव अपने आप जीत की गारंटी नहीं है।

भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी बनी चुनौती?

ज्योति मिर्धा के भाजपा में शामिल होने के समय उनके साथ कांग्रेस छोड़कर कई नेताओं और समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ली थी। उस समय इसे नागौर में भाजपा के राजनीतिक विस्तार के रूप में देखा गया था। लेकिन अब स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और नए राजनीतिक चेहरों के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं की ओर से यह शिकायत भी सामने आती रही है कि जमीनी स्तर पर लंबे समय से संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को अपेक्षित महत्व नहीं मिल रहा। हालांकि इन नाराजगियों और चुनावी हार के बीच सीधे संबंध को साबित करने वाले सार्वजनिक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं लेकिन लगातार कमजोर होते चुनावी प्रदर्शन ने संगठन के भीतर आत्ममंथन की जरूरत जरूर पैदा की है।

राजनीतिक चर्चाओं में यह भी सवाल उठ रहा है कि ज्योति मिर्धा के साथ भाजपा में आए कई पुराने समर्थक अब भी पार्टी के साथ सक्रिय हैं या दूसरे राजनीतिक विकल्पों की ओर चले गए हैं।

निकाय चुनाव से पंचायती राज तक भाजपा के सामने चुनौती

नागौर में पहले नगरीय निकाय चुनाव और अब पंचायती राज चुनाव के परिणामों ने भाजपा के सामने संगठनात्मक मजबूती का सवाल खड़ा किया है। एक तरफ प्रदेश में भाजपा की सरकार है, दूसरी तरफ नागौर जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक जिले में जिला परिषद की 37 सीटों में केवल 7 सीटें मिलना पार्टी के लिए समीक्षा का विषय है। वहीं हनुमान बेनीवाल की RLP ने जिला परिषद में 19 सीटें जीतकर अपनी ग्रामीण राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने भी 11 सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

डॉ. ज्योति मिर्धा के सामने क्या है अगली राजनीतिक चुनौती?

डॉ. ज्योति मिर्धा को भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में नागौर में पार्टी का कमजोर प्रदर्शन उनके राजनीतिक प्रभाव को लेकर चर्चाओं को और तेज कर सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भाजपा नेतृत्व नागौर में संगठनात्मक बदलाव करेगा? क्या पुराने कार्यकर्ताओं और नए नेताओं के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश होगी? या फिर डॉ. ज्योति मिर्धा अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव करते हुए नई जमीन तलाशेंगी?

फिलहाल उनके भाजपा छोड़ने या किसी अन्य राजनीतिक विकल्प की ओर जाने का कोई पुष्ट संकेत नहीं है लेकिन नागौर के चुनावी आंकड़े एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश जरूर दे रहे हैं कि  सिर्फ बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल करना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेतृत्व और जनता के बीच मजबूत तालमेल भी जरूरी होता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा नागौर में अपने सियासी समीकरणों को दोबारा मजबूत कर पाती है या हनुमान बेनीवाल की RLP और कांग्रेस के सामने उसकी चुनौती आगे भी बनी रहती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X