नीतीश सेतु:राघोपुर को मिलेगी आजादी के बाद की सबसे बड़ी सौगात, पीपा पुल-नाव का झंझट होगा खत्म – Bihar News Nitish Setu Raghopur Vaishali Bridge Benefit Pipa Pul Boat Ends Vaishali News Hajipur News
आजादी के बाद से गंगा पर स्थायी पुल का इंतजार कर रहे वैशाली के राघोपुर के लोगों का सपना अब पूरा होने जा रहा है। नीतीश सेतु का उद्घाटन कल होने वाला है। इसके साथ ही दियारा क्षेत्र के लाखों लोगों को पटना से जुड़ने का एक स्थायी रास्ता मिल जाएगा। अब तक बरसात में पीपा पुल हटने के बाद लोगों को नाव के सहारे गंगा पार करनी पड़ती थी। कई बार कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में दो से तीन घंटे लग जाते थे। पुल शुरू होने के बाद राघोपुर से पटना की दूरी करीब 20 से 25 मिनट में तय होने की उम्मीद है।
आजादी के बाद से पुल का इंतजार कर रहे लोग
राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए नीतीश सेतु केवल एक पुल नहीं, बल्कि दशकों पुराने इंतजार के खत्म होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरसात के मौसम में पीपा पुल हटते ही यह इलाका टापू बन जाता था। पटना पहुंचने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ता था। मरीज को अस्पताल ले जाना हो, बच्चों की परीक्षा हो या किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचानी हो, हर काम गंगा पार करने की व्यवस्था पर निर्भर रहता था। अब पुल के उद्घाटन के बाद इस परेशानी से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
दो से तीन घंटे का सफर 20-25 मिनट में सिमटने की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले राघोपुर से पटना पहुंचने में दो से तीन घंटे तक लग जाते थे। नीतीश सेतु के शुरू होने के बाद यह सफर करीब 20 से 25 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे रोजाना पटना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और कारोबारियों को बड़ी सहूलियत मिलने की संभावना है।
रुस्तमपुर-जाफरपट्टी की ओर से मिलेगा सीधा रास्ता
स्थानीय लोगों के अनुसार, रुस्तमपुर-जाफरपट्टी की ओर से करीब 8 से 10 किलोमीटर का रास्ता तय करने के बाद सेतु तक पहुंचा जा सकेगा। राघोपुर के फतेहपुर, बिहटा, चकौस, जुड़ावनपुर और बिदुपुर की ओर से आने वाले लोगों को भी पहले की तरह लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे दियारा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों की पटना तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
तेजस्वी के क्षेत्र में पुल को लेकर उत्साह
राघोपुर विधानसभा क्षेत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का निर्वाचन क्षेत्र है। पुल के उद्घाटन से पहले ही इलाके में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन पुल बनने से पूरे क्षेत्र को फायदा होगा। बुजुर्ग रामबाबू राय कहते हैं, ‘हमने जिंदगी भर नाव से गंगा पार की, अब पोता-पोती पुल से जाएंगे, यही सबसे बड़ी खुशी है।’ उनके मुताबिक, आने वाली पीढ़ियों को अब वह परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी, जिसका सामना उन्होंने पूरी जिंदगी किया है।
मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी राहत
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से भी इस पुल को काफी अहम माना जा रहा है। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि डिलीवरी या किसी मेडिकल इमरजेंसी के दौरान पटना पहुंचना अब आसान हो सकेगा। पहले नाव और पीपा पुल पर निर्भरता के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती थी। पुल शुरू होने से सड़क मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आपात स्थिति में समय बच सकेगा।
यह भी पढ़ें: बिहार: तिलकोत्सव में पहुंचे बाहुबली अनंत सिंह, दामाद ऋषिकेश को गिफ्ट की लग्जरी डिफेंडर कार
किसानों और कारोबारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद
दियारा क्षेत्र में खेती और पशुपालन बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका का आधार है। यहां की सब्जियां, दूध और केला पटना की मंडियों तक पहुंचाने में पहले परिवहन की मुश्किलें आती थीं। पुल शुरू होने के बाद किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इससे समय और परिवहन लागत में कमी आ सकती है। किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की भी संभावना है।
संपर्क पथ पूरा करने और बस सेवा शुरू करने की मांग
हालांकि, पुल के उद्घाटन से पहले भी कुछ जगहों पर संपर्क पथ का काम बाकी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि सेतु तक पहुंचने वाली सड़कों का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। इसके साथ ही राघोपुर से पटना के बीच नियमित बस सेवा भी शुरू की जाए, ताकि आम लोगों को पुल का पूरा लाभ मिल सके।
