Pilibhit News:शादी का झांसा देकर दुष्कर्म…वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, धर्मपरिवर्तन का बनाया दबाव – Rape Under The Pretext Of Marriage… Blackmailing Via A Recorded Video, And Pressure Exerted For Religious Conversion
अमरिया। थाना क्षेत्र की एक युवती ने बीसलपुर निवासी युवक और उसके परिवार के लोगों पर झांसा देकर दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और निकाह के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और गर्भपात कराने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक चार साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती की दोस्ती राजा मिर्जा उर्फ सलीम निवासी बीसलपुर से हुई थी। आरोप है कि दो अप्रैल 2022 को युवक ने उसे मिलने के लिए बीसलपुर में अपने दोस्त के यहां बुलाया। वहां चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। बाद में वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा और उससे दुष्कर्म करता रहा। उसने शादी का भी भरोसा दिया। जून 2023 में वह गर्भवती हो गई।
आरोप है कि युवक के पिता रियासत बेग, मां निशात और चाची मुन्नी ने बीसलपुर ले जाकर उसका तीन माह का गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी शादी का आश्वासन देकर उसका शोषण जारी रखा गया। दिसंबर 2024 में दोबारा गर्भवती होने पर मई 2025 में छह माह के जुड़वा बच्चों का गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर युवक के परिजनों और बहनों ने पहले धर्म परिवर्तन करने की शर्त रखी। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी है।
