नोएडा में हाफ एनकाउंटर:हत्यारोपी आफताब पुलिस मुठभेड़ में घायल, पहले से दर्ज हैं तीन केस – Murder Accused Aftab Injured In Police Encounter In Noida
थाना फेस-1 पुलिस ने हत्या के एक वांछित अभियुक्त आफताब उर्फ तुस्सी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बुधवार को स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे सेक्टर-3 नोएडा के एक पार्क में घेर लिया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि आफताब पार्क में मौजूद है और वहां से भागने की कोशिश में था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को पार्क के बाहर उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मिली। पार्क के अंदर तलाश के दौरान आफताब और उसके साथी पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो आफताब ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आफताब के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ है।
आरोपी के खिलाफ पुलिस में पहले से मामले दर्ज हैं। एक विवाद में अमित नाम के व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शिवम नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ था, जिसका उपचार चल रहा है।
अभियुक्त का आपराधिक रिकॉर्ड
आफताब उर्फ तुस्सी रियाजुद्दीन का पुत्र है और नया बांस, सेक्टर-15, थाना फेस-1, नोएडा का निवासी है। जानकारी के अनुसार, उसके विरुद्ध पूर्व से तीन अन्य मामले भी पंजीकृत हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
