शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:हरेरा ने बिल्डर का फ्लैट आवंटन रद्द करने का फैसला पलटा – Hrera Overturned The Decision To Cancel The Builder’s Flat Allotment

November 11, 2026


– खरीदार को मूल या समान फ्लैट देना होगा, कब्जे में देरी पर 10.80 प्रतिशत ब्याज भी मिलेगा

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। खरीदार को आवंटित फ्लैट रद्द करने के बिल्डर के फैसले को हरियाणा रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (हरेरा) ने नियमों के विरुद्ध मानते हुए अमान्य घोषित कर दिया है। प्राधिकरण ने अग्रांते रियल्टी लिमिटेड को फ्लैट का आवंटन बहाल करने और देरी के लिए 10.80 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया है। यह फैसला हरेरा चेयरमैन अरुण कुमार ने सुनवाई के बाद दिया।

दिल्ली के समालखा निवासी चेतन भार्गव ने अगस्त 2021 में सेक्टर-108 स्थित अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट काव्यम में 21.42 लाख रुपये में फ्लैट बुक किया था। उन्होंने बिल्डर को 15.90 लाख रुपये का भुगतान किया था। इसके बावजूद बिल्डर ने बकाया राशि का हवाला देकर 10 मार्च 2022 को आवंटन रद्द कर दिया। 19 अप्रैल 2022 को समाचार पत्र में डिफॉल्टर सूची प्रकाशित कराई गई। सुनवाई में सामने आया कि अफोर्डेबल हाउसिंग पॉलिसी-2013 के तहत सार्वजनिक सूचना प्रकाशित होने के बाद खरीदार को भुगतान के लिए 15 दिन देना अनिवार्य है। बिल्डर ने आवंटन रद्द करने के 40 दिन बाद सूचना प्रकाशित कराई थी। हरेरा ने इसे नियमों का उल्लंघन माना।

प्राधिकरण ने मूल फ्लैट उपलब्ध नहीं होने पर समान आकार और सुविधाओं वाला दूसरा फ्लैट देने का निर्देश दिया है। 20 अगस्त 2023 से कब्जा मिलने तक जमा राशि पर 10.80 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। बिल्डर होल्डिंग चार्ज नहीं वसूल सकेगा। ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट और बकाया समायोजन के 90 दिन में रजिस्ट्री भी करानी होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X