पंचायतीराज चुनाव परिणाम:वागड़ में कांग्रेस, भाजपा के सामने Bap की चुनौती, दिग्गजों का भाग्य कल होगा तय – Results For The Banswara-dungarpur Zila Parishad In The Rajasthan Panchayati Raj Elections 2026
November 19, 2026

जिला परिषद डूंगरपुर।
विस्तार
वागड़ के बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों में शुक्रवार को पंचायतीराज चुनाव की मतगणना होगी। इस चुनाव में मुख्य सवाल यह है कि क्या कांग्रेस और भाजपा भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) की चुनावी चुनौती का सामना कर पाएंगी। बांसवाड़ा में दो विधायक पुत्रों ने चुनाव लड़ा है। वहीं, डूंगरपुर में पूर्व सांसद की पुत्रवधू और पूर्व विधायकों ने भी अपना भाग्य आजमाया है।
बांसवाड़ा में परिसीमन के बाद जिला परिषद सदस्यों की संख्या 31 से बढ़कर 43 हो गई है। बीते पांच पंचायतीराज चुनावों से कांग्रेस का जिला परिषद पर कब्जा रहा है। महेंद्रजीतसिंह मालवीया दो बार और उनकी पत्नी रेशम मालवीया तीन बार जिला प्रमुख बनी हैं। इस बार मालवीया परिवार के किसी सदस्य ने जिला परिषद का चुनाव नहीं लड़ा। हालांकि, रेशम मालवीया ने नवगठित पंचायत समिति नाहरपुरा से सदस्य का चुनाव लड़ा है।
भारत आदिवासी पार्टी की चुनौती
वागड़ के दोनों जिलों में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) पहली बार पंचायतीराज चुनाव में उतरी है। लोकसभा और बागीदौरा विधानसभा सीट पर जीत के बाद बीएपी ने जिला प्रमुख पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। ऐसे में कांग्रेस के सामने जिला प्रमुख पद पर अपना कब्जा बनाए रखने की चुनौती है। भाजपा के लिए भी इस बार वापसी करना मुश्किल हो सकता है।
ये भी पढ़ें: पंचायत चुनाव का फैसला कल, 37 जिलों में सुबह आठ बजे से मतगणना; जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी पर नजर
बांसवाड़ा में चुनावी समीकरण
बांसवाड़ा में दो कांग्रेस विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। कुशलगढ़ विधायक रमिला खड़िया के बेटे रोहित खड़िया ने वार्ड 28 से चुनाव लड़ा है। बांसवाड़ा विधायक और जिलाध्यक्ष अर्जुनसिंह बामनिया के बेटे विकास बामनिया ने वार्ड 32 से चुनावी भाग्य आजमाया है। कांग्रेस ने विकास बामनिया को चुनाव से पहले ही जिला प्रमुख का दावेदार घोषित कर दिया है। भाजपा को इस बार जिला परिषद में बहुमत मिलने की उम्मीद है। भाजपा ने अब तक केवल एक बार, 13 फरवरी 1995 से 10 फरवरी 2000 तक, लक्ष्मी निनामा को जिला प्रमुख बनाया था।
डूंगरपुर में पूर्व विधायकों का भाग्य
डूंगरपुर में जिला परिषद की कुल 37 सीटें हैं। इन सीटों पर तीन पूर्व विधायकों ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस से पूर्व विधायक पूंजीलाल परमार ने वार्ड 34 से चुनाव लड़ा है। भाजपा के पूर्व विधायक देवेन्द्र कटारा वार्ड 6 से मैदान में हैं। भाजपा की पूर्व विधायक अनिता कटारा ने वार्ड 21 से नामांकन दाखिल किया है। अनिता कटारा पूर्व सांसद और कैबिनेट मंत्री कनकमल कटारा की पुत्रवधू भी हैं। पिछले चुनाव में भारतीय ट्राइबल पार्टी को सत्ता से दूर रखने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने गठबंधन किया था। अब देखना होगा कि क्या इस बार भी ऐसा ही होगा या बीएपी अपने दम पर जिला प्रमुख बनाने में सफल होगी
