रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पत्नी का पर-पुरुष से लगातार संपर्क मानसिक क्रूरता:हाईकोर्ट ने तलाक किया मंजूर, बेटे-बेटी ने दी थी गवाही – Chhattisgarh High Court Divorce Mental Cruelty Marital Dispute
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

पत्नी का पर-पुरुष से लगातार संपर्क मानसिक क्रूरता:हाईकोर्ट ने तलाक किया मंजूर, बेटे-बेटी ने दी थी गवाही – Chhattisgarh High Court Divorce Mental Cruelty Marital Dispute

November 27, 2026


छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि वैवाहिक जीवन में किसी अन्य पुरुष के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना मानसिक क्रूरता के दायरे में आता है। न्यायालय ने कहा कि ऐसे मामलों में हर बार शारीरिक संबंधों के प्रत्यक्ष साक्ष्य का होना आवश्यक नहीं है।

जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की पीठ ने पारिवारिक न्यायालय के आदेश को रद्द करते हुए पीड़ित पति की तलाक याचिका को स्वीकार कर लिया है। अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की मंजूरी दे दी है।

पारिवारिक न्यायालय के फैसले को उच्च न्यायालय में दी गई थी चुनौती

यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र से संबंधित है। दंपती का विवाह वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। इस दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति का आरोप था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से संबंध है और मना करने के उपरांत भी वह उससे लगातार बातचीत करती रही। इस व्यवहार से उनका वैवाहिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। इसी आधार पर पति ने मानसिक प्रताड़ना का हवाला देते हुए पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। पारिवारिक न्यायालय ने 23 नवंबर 2019 को पर्याप्त साक्ष्य न होने की बात कहते हुए पति की याचिका को खारिज कर दिया था। इसके बाद पति ने उच्च न्यायालय में अपील दायर की।

बच्चों की गवाही और पति द्वारा पेश किए गए घटनाक्रम की पड़ताल

उच्च न्यायालय ने मामले की सुनवाई के दौरान गवाहों के बयानों और पेश किए गए साक्ष्यों की जांच की। अदालत में सुनवाई के दौरान दंपती की बेटी ने गवाही दी कि उसकी मां एक व्यक्ति से फोन पर लगातार बात करती थी। परिवार के लोगों द्वारा समझाने के बाद भी उसने बातचीत बंद नहीं की। बेटे ने भी अपने बयान में बताया कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। जब बच्चों ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी, तो मां ने उन्हें डांटकर चुप करा दिया। बेटे के अनुसार उसकी मां एक बार घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी। इसके अलावा पति ने अदालत को बताया कि 22 अगस्त, 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत बिगड़ने पर उसने पत्नी को अस्पताल भेजा था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा। समझाने पर पत्नी ने दोबारा संपर्क न रखने का भरोसा दिया था, लेकिन कुछ समय बाद उसने फिर बातचीत शुरू कर दी।

परिस्थितियों के सही मूल्यांकन से क्रूरता साबित होने की बात

उच्च न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पाया कि पारिवारिक न्यायालय ने मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार नहीं किया था। उच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में कहा कि विवाहेतर संबंधों के मामलों में हर बार प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाना संभव नहीं होता। ऐसे मामलों में केवल वीडियो या फोन रिकॉर्डिंग जैसे प्रत्यक्ष प्रमाणों की उम्मीद नहीं की जा सकती, बल्कि परिस्थितियों से जुड़े साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का एक साथ सही ढंग से मूल्यांकन करना जरूरी होता है। अदालत ने माना कि यदि शारीरिक संबंध साबित न भी हों, तब भी पति की अनुपस्थिति में किसी पुरुष को घर बुलाना, उससे लगातार फोन पर बात करना और उसके साथ बाहर जाने जैसी गतिविधियां मानसिक क्रूरता के आकलन में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाएंगी। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उच्च न्यायालय ने पारिवारिक न्यायालय का आदेश निरस्त कर दिया और पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X