पेट्रोल खत्म होने के बाद भी 10 KM चली बाइक? युवक ने रोते हुए सुनाई कहानी, हनुमान चालीसा को बताया वजह
Last Updated:
लखनऊ के अनुज ने दावा किया कि पेट्रोल खत्म होने के बावजूद उनकी बाइक करीब 10 किलोमीटर तक चलती रही. उन्होंने इस अनुभव को हनुमान जी की कृपा बताया और भावुक होकर वीडियो शेयर किया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर कई लोग उनकी आस्था और दावे का समर्थन कर रहे हैं.
बिना ईंधन 10 km बाइक चलने का दावा (फोटो: Instagram-@anujjoker9/ Ai)
कई बार जिंदगी में इंसान ऐसी मुश्किल में फंस जाता है, जहां उसे कोई रास्ता नजर नहीं आता. ऐसे समय में लोग किसी अपने को याद करते हैं, तो कई लोग भगवान का नाम लेकर हिम्मत जुटाते हैं. भक्तों का मानना है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती और संकट के समय भगवान किसी न किसी रूप में सहारा जरूर देते हैं. इसी विश्वास से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, जिसमें एक युवक सड़क पर खड़े होकर रोते हुए अपनी कहानी सुनाता है. उसका दावा है कि पेट्रोल खत्म होने के बावजूद उसकी बाइक करीब 10 किलोमीटर तक चलती रही. युवक इस घटना को हनुमान जी की कृपा बता रहा है.
वायरल वीडियो में लखनऊ के रहने वाले अनुज हाईवे पर अपनी बाइक के पास खड़े नजर आते हैं. वह भावुक होकर बताते हैं कि उनके साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे. अनुज के मुताबिक, वह लखनऊ से कानपुर की तरफ जा रहे थे और उनकी बाइक पर सामान भी लदा हुआ था. रास्ते में एक नया पुल पड़ता है, जो जुनाबगंज से कानपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर है. इसी दौरान उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया. अनुज बताते हैं कि आसपास जंगल जैसा इलाका था और उस समय वहां कोई मदद करने वाला भी मौजूद नहीं था. पेट्रोल खत्म होने के बाद उनके सामने परेशानी खड़ी हो गई. ऐसे में उन्होंने भगवान हनुमान को याद किया और उनसे मदद मांगी. युवक का कहना है कि वह उस समय काफी परेशान थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आगे कैसे बढ़ें.
हनुमान चालीसा पढ़ते हुए मांगी मदद
अनुज खुद को हनुमान जी और बालाजी का बड़ा भक्त बताते हैं. वीडियो में वह कहते हैं कि उनकी दिनचर्या काफी सात्विक है और वह लहसुन-प्याज तक नहीं खाते. उनका दावा है कि उन्होंने संकट के समय हनुमान जी से प्रार्थना की और कहा कि अगर वह हमेशा उनकी सेवा करते हैं और उनका पाठ करते हैं, तो अब आगे उनकी गाड़ी भगवान ही संभाल लें. अनुज के मुताबिक, उन्होंने रास्ते भर हनुमान चालीसा का पाठ किया. उनका कहना है कि बाइक में पेट्रोल नहीं था, फिर भी वह आगे चलती रही और आखिरकार पेट्रोल पंप तक पहुंच गई. इस घटना को याद करते हुए वह वीडियो में भावुक हो जाते हैं और बार-बार भगवान का धन्यवाद करते दिखाई देते हैं. उन्होंने पहले ही मन बना लिया था कि अगर बाइक पेट्रोल पंप तक पहुंच गई, तो वह इस अनुभव का वीडियो बनाकर लोगों के साथ साझा करेंगे.
View this post on Instagram
