बच्चे की परेशानी देख पिघला टीचर का दिल, दादाजी के पास नहीं थे बोतल खरीदने के पैसे तो मास्टर जी ने किया ये..
Last Updated:
एक छोटे बच्चे के दादाजी के पास नई पानी की बोतल खरीदने तक के पैसे नहीं थे. बच्चे की परेशानी देखकर स्कूल के शिक्षक ने अपनी जेब से उसे नई बोतल दिला दी. टीचर की इस छोटी-सी मदद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग भावुक होकर उनकी तारीफ कर रहे हैं.
कहते हैं कि एक अच्छा टीचर सिर्फ बच्चों को किताबों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि उन्हें जिंदगी के असली मायने भी सिखाता है. कई बार छोटी-सी मदद भी किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग एक टीचर की जमकर तारीफ कर रहे हैं. वीडियो में एक स्कूल टीचर ने ऐसा काम किया, जिसने इंसानियत की खूबसूरत मिसाल पेश कर दी.
बच्चे के पास नहीं थे नई बोतल खरीदने के पैसे
वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, एक छोटा बच्चा स्कूल में पढ़ने जाता है. उसके दादाजी के पास इतने पैसे नहीं थे कि वे बच्चे के लिए पानी पीने की एक नई बोतल खरीद सकें. ऐसे में बच्चा च्यवनप्राश की पुरानी बोतल में पानी लेकर आता था. यह बात जब स्कूल के टीचर को पता चली, तो उन्होंने बच्चे की परेशानी को समझा और उसकी मदद करने का फैसला किया.
टीचर ने अपनी जेब से दिलाई नई बोतल
टीचर ने बच्चे की जरूरत को देखते हुए अपनी तरफ से उसे एक नई पानी की बोतल दिला दी. यह कोई बहुत महंगा तोहफा नहीं था, लेकिन उस बच्चे के लिए इसकी खुशी किसी बड़े उपहार से कम नहीं थी. एक तरफ जहां बच्चा नई बोतल पाकर खुश नजर आया, वहीं दूसरी तरफ टीचर की इस छोटी-सी पहल ने लोगों का दिल जीत लिया. दरअसल, बच्चों के लिए स्कूल की छोटी-छोटी चीजें भी बेहद मायने रखती हैं. पानी की बोतल जैसी सामान्य जरूरत पूरी करना किसी के लिए भले ही मामूली बात हो, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह भी एक बड़ी मदद हो सकती है.
बच्चे के दादाजी के पास बोतल खरीदने के पैसे नहीं थे, तो स्कूल के सर ने अपनी तरफ से बच्चे को एक नई बोतल दिला दी। https://t.co/j2cTBUdDP7
