बदायूं के ओरछी में एक्सपायर नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की पेराई कर तेल निकालने का मामला महज कुछ गोदामों तक सीमित नहीं है। इस कारोबार के पीछे कई राज्यों और शहरों तक फैले बड़े नेटवर्क की आशंका जताई गई है। नकली खल भी बनाने की बात सामने आई है। अधिकारी अब कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्ति और बैंक खातों की जांच की तैयारी करा रहे हैं ताकि कुछ और चीजें स्पष्ट हो सकें।
दिल्ली, हरियाणा, कानपुर और राजस्थान समेत विभिन्न स्थानों से खराब और कम समय में एक्सपायर होने वाले खाद्य पदार्थ सस्ते दामों पर मंगाए जाते हैं। इनमें नमकीन, बिस्कुट, चाउमीन, मैगी, सोया उत्पाद, टॉफी, चूर्ण और चॉकलेट तक शामिल हैं। इनकी पेराई से निकले तेल को कागजों में बायो डीजल कंपनियों को बेचना दिखाया जाता है, जबकि स्थानीय स्तर पर इसे सामान्य खाद्य तेल में मिलाकर रसोई और चाट-पकौड़ी के ठेलों तक पहुंचाने की आशंका है। टीमें तीन दिन से जांच कर रही हैं।
डीएम अवनीश राय के निर्देश पर बिसौली एसडीएम प्रियंका गोयल और सीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पांच गोदामों को सील कर 200 से अधिक ड्रम तेल बरामद किया गया है। प्रशासन ने संचालकों से तेल और कच्चे माल की खरीद-बिक्री के बिल व अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया। इलाके में संचालित दो दर्जन से अधिक अन्य गोदामों और कारखानों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।