बलरामपुर:मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों का इलाज, 1,401 में हाई बीपी और 695 में बढ़ी शुगर मिली – Mega Women’s Health Camp Concludes In Raghunathnagar; 7,259 People Receive Specialist Treatment
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले का सबसे बड़ा महिला स्वास्थ्य शिविर लगाया। इस मेगा शिविर में कुल 7,259 मरीजों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और उपचार मिला। इनमें 4,224 महिलाएं और 3,035 पुरुष शामिल रहे।
शिविर से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 120 गांवों में घर-घर सर्वे किया था। इस सर्वे के जरिये 13,104 संभावित मरीजों की पहचान की गई थी। शिविर में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला अस्पताल बलरामपुर, वाड्रफनगर और रामानुजगंज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि योजनाबद्ध प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल परिसर में वृद्धजन क्लीनिक का शुभारंभ किया है।
मरीजों की जांच और उपचार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग में 1,401 लोगों में उच्च रक्तचाप और 695 लोगों में बढ़ी हुई शुगर मिली। इन सभी मरीजों को तत्काल उपचार और परामर्श दिया गया। शिविर में मेडिसिन के 1,473 और हड्डी रोग के 1,405 मरीजों का इलाज हुआ। चर्म रोग के 943 और नाक-कान-गला रोग के 743 मरीज देखे गए। नेत्र रोग के 644 और आयुर्वेद के 631 मरीजों का उपचार किया गया। सामान्य सर्जरी के 467 और शिशु रोग के 405 मरीजों का इलाज हुआ। स्त्री रोग के 289 और मानसिक रोग के 168 मरीजों को लाभ मिला। कैंसर रोग विशेषज्ञों ने 91 मरीजों का इलाज किया।
ग्रामीणों को मिला नया जीवन
यह शिविर गंभीर समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए बहुत मददगार साबित हुआ। ग्राम कोगवार के पचास वर्षीय रामजतन पाल घर की दीवार ढहने के बाद से कमर और घुटनों के दर्द से परेशान थे। वे दो लाठियों के सहारे शिविर पहुंचे जहां उनका एक्सरे कर प्राथमिक उपचार दिया गया। जिला अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तुषार्णी कश्यप ने एक मरीज की आंख की पलक के पास गांठ में लिड ट्यूमर की आशंका पहचानी। प्राथमिक उपचार के बाद उस मरीज को उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर किया गया।

शिविर में उपचार करते विशेषज्ञ

शिविर में उपचार करते विशेषज्ञ

शिविर में उपचार करते विशेषज्ञ
