Mohali News:यशकरण के शतक से क्रिकेट क्लब-70 बना सैटरडे कप चैंपियन – Yashkaran Century Leads Cricket Club-70 To Become Saturday Cup Champions
57 गेंदों पर नाबाद 102 रन ठोककर मोहाली स्टार्स को दी शिकस्त
मोहाली। बेस्ट क्रिकेट अकादमी सेक्टर-74ए में शनिवार को 18वें स्पोर्ट्सवाला सैटरडे कप-2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें क्रिकेट क्लब-70 ने मोहाली स्टार्स को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम की जीत के हीरो यशकरण दुग्गल रहे, जिन्होंने 57 गेंदों पर नाबाद 102 रन की शतकीय पारी खेली। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मोहाली स्टार्स ने नौ विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट क्लब-70 की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। यशकरण ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी नाबाद शतकीय पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर पूरे होने से पहले ही तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह क्रिकेट क्लब-70 ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
