शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बारां:मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, 9.37 लाख मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल; 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची – Baran Voter List Revision Rajasthan 937769 Voters Draft Electoral Roll 2026
बारां

बारां:मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, 9.37 लाख मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल; 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची – Baran Voter List Revision Rajasthan 937769 Voters Draft Electoral Roll 2026

November 13, 2026


राजस्थान के बारां जिले की चारों विधानसभा सीटों पर मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया गया। इसके अनुसार जिले में कुल 9,37,769 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 4,87,461 पुरुष, 4,50,297 महिलाएं और 11 अन्य मतदाता शामिल हैं। पात्र मतदाता 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने मिनी सचिवालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में जिला परिषद के सीईओ शिवेंद्र प्रताप, चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा, भाजपा प्रतिनिधि नरेंद्र सोमानी और कांग्रेस प्रतिनिधि धैर्य नागर मौजूद रहे।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस दौरान प्राप्त आवेदनों की सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी में तैयार करेंगे। सूची की एक प्रति संबंधित कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। इसके अलावा दावे और आपत्तियों की साप्ताहिक सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी।

चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की स्थिति

प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,14,434 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,11,269 पुरुष, 1,03,161 महिलाएं और चार अन्य मतदाता शामिल हैं।

किशनगंज विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,37,776 मतदाता हैं। इनमें 1,22,865 पुरुष, 1,14,909 महिलाएं और दो अन्य मतदाता दर्ज किए गए हैं।

बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,35,653 मतदाता हैं। इनमें 1,22,420 पुरुष, 1,13,230 महिलाएं और तीन अन्य मतदाता शामिल हैं।

वहीं, छबड़ा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 2,49,906 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,30,907 पुरुष, 1,18,997 महिलाएं और दो अन्य मतदाता शामिल हैं।

फॉर्म-6, 7 और 8 से कर सकेंगे आवेदन

प्रशासन की ओर से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्रवार प्रारूप मतदाता सूची की एक सॉफ्ट कॉपी (बिना फोटो) और एक हार्ड कॉपी निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए ईसीआईनेट, वोटर्स पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 के तहत आपत्ति दर्ज कराने वाला व्यक्ति उसी विधानसभा क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए। दावे और आपत्तियों की पूरी अवधि में एक व्यक्ति अधिकतम 10 नाम हटाने के आवेदन दे सकता है। वहीं, राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रतिदिन बीएलओ को अधिकतम 10 फॉर्म जमा करा सकेंगे। पूरी अवधि में 30 से अधिक आवेदन देने पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाएगा।

ईआरओ के फैसले के खिलाफ कर सकेंगे अपील

मतदाता सूची से जुड़े किसी मामले में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के फैसले से असंतुष्ट व्यक्ति लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(ए) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील कर सकेगा। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दूसरी अपील करने का भी प्रावधान है।

जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने और उन्हें सक्रिय रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने के लिए सभी राजनीतिक दल सहयोग करें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X