बिहार:खाना खाकर घर से निकला था मजदूर, सुबह मौत की खबर आई; तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया – Nalanda-crime News-sarmera-parnama-village-youth-beaten-to-death-over-petty-dispute
बिहार के नालंदा जिले में मामूली विवाद को लेकर गोतिया के लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के परनामा गांव की है। मृतक की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय नरेश मांझी के 36 वर्षीय पुत्र समंत मांझी के रूप में हुई है। शनिवार देर शाम हुए हमले में गंभीर रूप से घायल समंत को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
खाना खाकर बाहर निकले, तभी घेरकर किया हमला
मृतक की पत्नी सीमा देवी ने बताया कि शनिवार शाम उनके पति खाना खाने के बाद हाथ धोने और शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गोतिया के लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर टूट गए और आरोपी उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और भांजा मौके पर पहुंचे तो समंत मांझी खून से लथपथ और अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
गाड़ी निकालने के दौरान टोकने पर शुरू हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार, विवाद की शुरुआत गाड़ी निकालने के दौरान टोकने को लेकर हुई थी। गोतिया के परिवार में एक भतीजे की मौत हो गई थी। उसके अंतिम संस्कार से संबंधित काम के लिए जाते समय गाड़ी निकालने को लेकर समंत मांझी ने कुछ कहा था। इसी बात को लेकर पहले से चली आ रही रंजिश बढ़ गई।
परिजनों ने साधु मांझी और उसके पुत्रों जमाहिर मांझी व रौशन मांझी पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तीनों ने मिलकर समंत मांझी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया।
सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप, उपाधीक्षक ने किया खारिज
हमले के बाद परिजन घायल समंत को सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक के साले प्रद्युमन कुमार ने सदर अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि रात में मरीज को देखने कोई डॉक्टर या नर्स नहीं पहुंचे। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद डॉक्टरों से मिलने नहीं दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण रविवार सुबह समंत की मौत हो गई।
वहीं, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि मरीज का नियमानुसार उपचार किया गया था। यदि परिजन लिखित शिकायत देते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
घटना की सूचना मिलने पर सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि मारपीट में घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
दैनिक मजदूरी कर परिवार चलाता था समंत
समंत मांझी दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पिता की मौत से तीनों मासूम बेटियों के सिर से साया उठ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
