कानून के दायरे में रहकर विवादों का निपटारा करने वाली ग्राम कचहरी ही यदि कानून को ताक पर रख दे तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड की गहई पंचायत से ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्राम कचहरी के सरपंच पर दो नाबालिग लड़कों के हाथ-पैर बांधकर उसे तालिबानी सजा देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में दो लड़के जमीन पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके आसपास कई लोग मौजूद हैं। आरोप है कि ग्राम कचहरी के फरमान पर नाबालिग के हाथ-पैर बांध दिए गए और उसे सजा दी गई। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रही पूरी घटना और इसके पीछे की परिस्थितियों की अब आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
ये भी पढ़ें: बिहार: मधुबनी में मिली भगवान विष्णु की 800 साल पुरानी खंडित मूर्ति, संग्रहालय भेजी जाएगी
इस मामले ने ग्राम कचहरी की भूमिका और अधिकार क्षेत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम कचहरी का गठन गांवों में छोटे-मोटे विवादों का कानूनी तरीके से निपटारा करने के लिए किया गया है या कि किसी को शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने या अपने स्तर से सजा देने के लिए। ऐसे में यदि नाबालिग को बांधकर सजा देने का आरोप सही साबित होता है तो यह कानून व्यवस्था के लिए गंभीर मामला होगा। घटना को लेकर ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि वायरल वीडियो को देखकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।