बिहार:तीन भाइयों के घरों में लगी भीषण आग, कपड़े-गहने और नकदी समेत लाखों का नुकसान – Heavy Fire In Kishanganj: Three Brothers’ Houses Reduced To Ashes News
गलगलिया थाना क्षेत्र के भातगांव पंचायत अंतर्गत भोकसरभीट्टा गांव के वार्ड संख्या-4 में अचानक लगी भीषण आग से तीन भाइयों के मकान जलकर राख हो गए। अगलगी में घरों में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना के बाद तीनों परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सैईद अख्तर और उनके दो भाइयों के मकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। मकानों से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गलगलिया थानाध्यक्ष रवि शंकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद अग्निशमन वाहन और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक तीनों मकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही भातगांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बृजमोहन उर्फ मुन्ना ने गांव से बाहर रहने के बावजूद दूरभाष पर ठाकुरगंज के अंचलाधिकारी से बात की। उन्होंने अंचल कर्मियों को घटनास्थल पर भेजकर अगलगी से हुई क्षति का आकलन कराने और सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की पहल की।
मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि वह फिलहाल गांव से बाहर हैं, लेकिन जल्द ही पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। साथ ही अपने स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
