रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर को दीं सात सौगातें, पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास; नहरों पर खर्च होंगे करोड़ों – Muzaffarpur Bihar News: Pm Narendra Modi Gifts 7 Projects Worth 541 Crore Rupees Inaugurates Today
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर को दीं सात सौगातें, पताही एयरपोर्ट का शिलान्यास; नहरों पर खर्च होंगे करोड़ों – Muzaffarpur Bihar News: Pm Narendra Modi Gifts 7 Projects Worth 541 Crore Rupees Inaugurates Today

November 22, 2026


बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए पताही एयरपोर्ट का सपना अब जमीन पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बिहार दौरे के दौरान जिले की सात विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सबसे अहम पताही एयरपोर्ट के पुनर्विकास एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास है। इसके अलावा नहरों के पुनर्स्थापन, छात्रावास निर्माण, बिजली ग्रिड और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत करीब 541 करोड़ रुपये बताई गई है।

पताही एयरपोर्ट के निर्माण का रास्ता खुला

मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डे के पुनर्विकास एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास इस दौरे की प्रमुख सौगातों में शामिल रहा। नागरिक उड्डयन विभाग की इस परियोजना पर 58.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से पताही एयरपोर्ट को विकसित करने की मांग उठती रही है। अब इस परियोजना के शिलान्यास से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद जगी है। पताही एयरपोर्ट पर इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से बटन दबाकर परियोजना का शिलान्यास किया।

नहरों के विकास पर खर्च होंगे 467 करोड़

मुजफ्फरपुर जिले को मिली सौगातों में जल संसाधन विभाग की तीन योजनाएं सबसे बड़ी हैं। इन पर कुल करीब 467.6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य तिरहुत मुख्य नहर की क्षमता और व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

इनमें तिरहुत मुख्य नहर के दायां नहर सेवा पथ के कालीकरण कार्य के लिए 205.80 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, नहर के पुनर्स्थापन और लाइनिंग कार्य की एक योजना पर 81.0286 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह तिरहुत मुख्य नहर के पुनर्स्थापन एवं लाइनिंग की दूसरी योजना के लिए 180.81 करोड़ रुपये की राशि रखी गई है।

छात्रावास से छात्राओं को मिलेगी सुविधा

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड क्षेत्र के कोल्हुआ पैगम्बरपुर में 100 शैय्या वाले अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की लागत 8.1 करोड़ रुपये बताई गई है। छात्रावास बनने से क्षेत्र की छात्राओं को रहने और पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूती

ऊर्जा विभाग की योजना के तहत बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड की ओर से 34 ग्रिड सब-स्टेशनों में 60 नए 33 केवी लाइन बे बनाए जाएंगे। इसके साथ मुशहरी प्रखंड क्षेत्र के ग्रिड उपकेंद्र और एसकेएमसीएच परियोजना से जुड़े कार्य भी शामिल हैं। इस योजना की लागत 5.80 करोड़ रुपये है। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मीनापुर के तुर्की में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

छह योजनाओं का उद्घाटन, एक का शिलान्यास

मुजफ्फरपुर जिले के लिए घोषित सात योजनाओं में छह का उद्घाटन किया गया, जबकि पताही एयरपोर्ट परियोजना का शिलान्यास हुआ। उद्घाटन की गई योजनाओं में जल संसाधन विभाग की तीन, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की एक, ऊर्जा विभाग की एक और स्वास्थ्य विभाग की एक योजना शामिल है।

इन परियोजनाओं से सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, छात्राओं के लिए आवास और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, पताही एयरपोर्ट के पुनर्विकास से मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाओं को बल मिलेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X