रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; एनएच-82 जाम कर किया हंगामा – Gaya Wazirganj Youth Body Found Railway Track Family Alleges Murder Nh 82 Blockade
गया

बिहार:रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; एनएच-82 जाम कर किया हंगामा – Gaya Wazirganj Youth Body Found Railway Track Family Alleges Murder Nh 82 Blockade

November 22, 2026


बिहार के गया जिले में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनवां गांव निवासी सहदेव चौधरी उर्फ साहेब के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार सुबह गया-राजगीर एनएच-82 को बगाही मोड़ के पास जाम कर दिया। सड़क पर शव रखकर किए गए प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

फोन आने के बाद रात में घर से निकला था युवक

परिजनों के अनुसार, सहदेव चौधरी बाइक सर्विसिंग और उसके पार्ट्स की बिक्री का व्यवसाय करता था। गुरुवार रात करीब 10 बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था। इसके बाद वह घर से निकल गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

मालगाड़ी के चालक ने रेलवे ट्रैक पर देखा शव

गुरुवार देर रात करीब दो बजे गया-किऊल रेलखंड पर रघुनाथपुर के समीप से गुजर रही एक मालगाड़ी के चालक की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। चालक ने तत्काल मालगाड़ी रोककर इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधक को दी। इसके बाद रेलकर्मी और वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाया। उस समय युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

शव ले जा रही पुलिस की गाड़ी रोकी, सड़क पर किया प्रदर्शन

शुक्रवार सुबह शव की पहचान सहदेव चौधरी के रूप में होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच) ले जा रही थी। इसी दौरान पुनवां के पास परिजनों और ग्रामीणों ने शव ले जा रही पुलिस की गाड़ी रोक दी।

इसके बाद ग्रामीणों ने शव को बगाही मोड़ के पास सड़क पर रखकर गया-राजगीर एनएच-82 जाम कर दिया। परिजनों ने सहदेव की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। सूचना मिलने पर वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X