बिहार:प्रसव के बाद महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने की तोड़फोड़; शव के साथ सड़क जाम – Buxar Tarachandi Hospital Woman Dies After Delivery Family Alleges Medical Negligence Road Blockade
बिहार के बक्सर में मंगलवार रात प्रसव के बाद एक महिला की मौत से जमकर हंगामा हुआ। शहर के बाइपास रोड स्थित ताराचंडी अस्पताल में महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और महिला के शव के साथ सड़क जाम कर दिया। वे अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
सामान्य प्रसव के बाद महिला को दे दी गई थी छुट्टी
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के नरही थाना क्षेत्र के नसीरपुर मठ निवासी ओम प्रकाश यादव की पत्नी नीतू देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नीतू देवी को प्रसव के लिए बक्सर के ताराचंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में उनका सामान्य प्रसव कराया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने महिला और नवजात दोनों की हालत सामान्य बताते हुए शाम करीब पांच बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।
परिजन नवजात के साथ नीतू देवी को लेकर घर जाने के लिए निकले ही थे कि अस्पताल से कुछ दूरी आगे बढ़ने पर उनके पेट में तेज दर्द होने लगा। देखते ही देखते उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर दोबारा ताराचंडी अस्पताल पहुंचे।
सदर अस्पताल ले जाने की दी सलाह, वहां डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों का आरोप है कि ताराचंडी अस्पताल में दोबारा जांच करने के बाद डॉक्टर ने महिला को सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दे दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में नीतू देवी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। वे वापस ताराचंडी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ भी की गई। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने महिला के शव के साथ सड़क जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।
पहले ऑपरेशन की कही थी बात, बाद में सामान्य प्रसव कराने का आरोप
मृतका के भतीजे अजीत यादव ने बताया कि गांव की आशा कार्यकर्ता के माध्यम से नीतू देवी को ताराचंडी अस्पताल लाया गया था। शुरुआत में डॉक्टर ने ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराने की बात कही थी। इस पर परिजनों ने स्पष्ट कर दिया था कि अगर ऑपरेशन करना है तो वे महिला को सदर अस्पताल ले जाएंगे।
अजीत यादव के अनुसार, इसके बाद डॉक्टर ने परिजनों को इंतजार करने के लिए कहा और सामान्य प्रसव होने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की लापरवाही के कारण नीतू देवी की जान चली गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाया और मामले में लिखित आवेदन देने को कहा। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, गुमटी पोस्ट प्रभारी गुड्डू कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। फिलहाल परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
निजी अस्पतालों में प्रसव के दौरान सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने निजी अस्पतालों में प्रसव के दौरान मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सकीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले में लिखित शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
