गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:मंच से ही भड़के विधायक; 30 लाख खर्च, फिर भी उग्रतारा महोत्सव में खाली रहीं कुर्सियां – Empty Chairs On Ugratara Mahotsav At Saharsa Despite Rs 30 Lakh Spend Bihar News
कोसी

बिहार:मंच से ही भड़के विधायक; 30 लाख खर्च, फिर भी उग्रतारा महोत्सव में खाली रहीं कुर्सियां – Empty Chairs On Ugratara Mahotsav At Saharsa Despite Rs 30 Lakh Spend Bihar News

November 19, 2026


सहरसा जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत होने वाले श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम स्थल पर खाली पड़ी कुर्सियों को देखकर सिमरी बख्तियारपुर से लोजपा (रा) विधायक संजय कुमार सिंह का पारा चढ़ गया। उन्होंने जिला प्रशासन पर महोत्सव का समुचित प्रचार-प्रसार न करने का गंभीर आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि बिहार सरकार इस आयोजन पर 30 लाख रुपये से अधिक खर्च कर रही है, इसके बावजूद आम लोगों की गैर-मौजूदगी बेहद चिंताजनक है।

सिर्फ कोरम पूरा करने के लिए न हो महोत्सव : विधायक

मंच से ही प्रशासनिक अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए विधायक संजय सिंह ने कहा कि केवल सरकारी औपचारिकताएं निभाने, दीप प्रज्ज्वलित करने और कार्यक्रम का कोरम पूरा करने के लिए ऐसे आयोजन का कोई लाभ नहीं है। महोत्सव की सार्थकता तभी है जब इसमें स्थानीय जनता शामिल हो। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च कर बड़े कलाकारों को बुलाया गया है, लेकिन उन्हें सुनने के लिए दर्शक ही नहीं हैं।

मंदिर की अनदेखी पर जताई नाराजगी, अगले साल खुद संभालेंगे कमान

विधायक ने मां उग्रतारा मंदिर की सजावट न किए जाने पर भी कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि जिस भगवती उग्रतारा के नाम पर यह तीन दिवसीय महोत्सव हो रहा है, दर्शन के दौरान वहां कोई सजावट न देखकर वे काफी विचलित हुए। खुद को सनातनी बताते हुए उन्होंने कहा कि वे सनातन धर्म के साथ खड़े रहेंगे और इतनी बड़ी राशि खर्च कर केवल दिखावा करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार की कमियां अगले वर्ष नहीं दोहराई जानी चाहिए। अगले साल वे खुद तैयारियों और प्रचार की मॉनिटरिंग करेंगे ताकि भारी भीड़ जुटे। उन्होंने लोगों से भी महोत्सव में पहुंचने की अपील की।

देरी से शुरू हुआ उद्घाटन, मंत्री रत्नेश सादा ने मांगी माफी

गुरुवार को निर्धारित समय से काफी देरी से शुरू हुए उद्घाटन सत्र में श्रोताओं की संख्या कम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, विधायक संजय कुमार सिंह, कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष और एडीएम निशांत कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एडीएम ने अतिथियों को पाग, चादर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और कहा कि महोत्सव की गूंज देश के हर कोने तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान मंत्री रत्नेश सादा ने पंचायत की मुखिया को मंच पर आमंत्रित न किए जाने को प्रशासन की चूक बताते हुए जनता से क्षमा मांगी। वहीं, कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने ग्रामीणों और प्रशासन के बीच की दूरी कम करने पर जोर देते हुए लोगों से फोन कर अन्य ग्रामीणों को भी कार्यक्रम में बुलाने की अपील की।

महिषी की गौरवगाथा और सांस्कृतिक स्टॉलों ने बटोरी सुर्खियां

स्मारिका विमोचन से पूर्व वेद विद्या केंद्र के बच्चों ने स्वस्तिवाचन मंत्र का पाठ किया। समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि महिषी वह विशिष्ट धरती है, जहां विश्वविजयी आदि शंकराचार्य को भी शास्त्रार्थ में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, मंत्री रत्नेश सादा ने इसे सती के नेत्र गिरने वाला प्रमुख शक्तिपीठ और पंडित मंडन मिश्र, संत बाबा कारू खिरहरि, कंदाहा सूर्य मंदिर व बाबा लक्ष्मीनाथ गोसाईं की पावन भूमि बताया। कार्यक्रम परिसर में लगे आकर्षक स्टॉलों के जरिए सरकारी योजनाओं के साथ-साथ मिथिला की संस्कृति और परंपरा को भी प्रदर्शित किया गया।

ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

उद्घाटन अवसर पर डीडीसी कुमार गौरव, एसडीएम श्रेयांश तिवारी, कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा, बीडीओ भरत कुमार सिंह, सीओ सुमन कुमार, राजस्व पदाधिकारी मनीषा कुमारी, प्रखंड प्रमुख रियाज आलम, परियोजना पदाधिकारी मनीष कुमार झा, मुखिया सोनी कुमारी, थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती और उग्रतारा न्यास समिति के सचिव केशव कुमार चौधरी सहित कई अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X