Kosi News:तिलक उत्सव से लौटने के दौरान हादसा, दो सगे भाई सहित 06 की मौत; दादा ने दी मुखाग्नि – Six Youth Died In Road Accident Araria Supaul Bihar News
अररिया के बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर बुधवार की रात हुए सड़क हादसे में 06 युवकों की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह मृतकों का शव सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत थुमहा पहुंचा। जहां थुमहा पंचायत वार्ड 9 में मातम पसर गया। गांव में चारों ओर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि थुमहा निवासी चंदर मंडल के इकलौती पुत्री गुड़िया कुमारी की शादी अररिया जिले के सिकटी प्रखंड अंतर्गत भपटिया गांव निवासी संजय नंद विश्वास के पुत्र डॉ जयंत कुमार विश्वास से को तय हुई थी। बुधवार की रात तिलक समारोह था। जिसमें शामिल होने 16 चार चक्का वाहनों से 70 लोग भपटिया पहुंचे थे।
रात करीब 10 बजे समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो ओवरटेक कर आगे निकल गई और बीड़ी पुल के पर अनियंत्रित होकर नदी के गहरे पानी में जा गिरी। हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। जिसमें से थुमहा वार्ड 09 निवासी मोहन सुतिहार के 16 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार को राहगीरों ने बचा लिया। जबकि अन्य लोगों की मौत हो गई। बाद में राहगीरों ने पीछे से आ रही गाड़ियों को रोक कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, वहां 07 में से 06 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
जहां उमंग का था माहौल, वहां पसरा मातम
तिलक समारोह में शामिल होने के लिए 70 लोग बुधवार की शाम करीब 03 बजे थुमहा से निकले थे। शाम करीब 07 बजे सभी भपटिया पहुंचे। जहां उत्सव का माहौल था। रात 10 बजे समारोह संपन्न होने के बाद सभी वापस घर के लिए रवाना हुए। जबकि करीब 11 बजे हादसा हुआ। इस दौरान स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें सभी काफी खुश नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो हादसे से करीब 20 मिनट पहले बनाया गया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मृतकों में पांच थुमहा, एक राघोपुर का निवासी
बुधवार को हुए हादसे में पांच मृतक थुमहा के निवासी हैं, जबकि एक राघोपुर थाना क्षेत्र के छपकी का निवासी है। मृतकों में थुमहा वार्ड 09 शंकर मंडल के दो पुत्र आदित्य कुमार (17) व शिबा कुमार (16), राधे मंडल का पुत्र मुन्ना कुमार (16), वार्ड 8 निवासी तुलसी मंडल का पुत्र सौरभ कुमार (17) और स्कॉर्पियो मालिक सह चालक वार्ड 6 निवासी बीरेंद्र साह का पुत्र कुंदन कुमार (24) शामिल हैं। इसके अलावा छपकी निवासी स्व चंदन मंडल का 16 वर्षीय पुत्र यश कुमार पिता के देहांत के बाद से अपने ननिहाल में ही रहता था।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दादा ने दी मुखाग्नि
तिलक समारोह में वार्ड 09 निवासी शंकर मंडल अपने दोनों बेटे आदित्य और शिबा सहित भांजे यश के साथ शामिल होने पहुंचे थे। हालांकि शंकर दूसरी गाड़ी में सवार थे। आदित्य और शिवा गुड़िया के चचेरे भाई थे, जबकि यश फुफेरा भाई था। तीनों एक ही स्कॉर्पियो में सवार होकर लौट रहे थे, जब हादसा हुआ और तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद घर लौटे शंकर बेसुध नजर आए। जबकि दादा रामदेव मंडल ने आदित्य और शिबा को मुखाग्नि दी। बताया जा रहा है कि शंकर की अब एकमात्र बेटी है। इसके अलावा मृतक सौरभ और मुन्ना भी रिश्ते में गुड़िया के भाई लगते थे।
