बिहार:मिथिला के महाकवि लालदास की जयंती पर 16वां स्मृति समारोह, साहित्यकारों ने याद किया योगदान – Celebration Of The 16th Birth Anniversary-cum-memorial Festival Of Mithila’s Poet Pandit Laldas In Madhubani
मिथिला के महाकवि लालदास की जयंती सह स्मृति पर्व का 16वां समारोह प्लस टू लालदास उच्च विद्यालय, खड़ौआ परिसर में भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंडित शिव कुमार मिश्र के स्वस्ति वाचन, अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और महाकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
इस अवसर पर नंदनी, विदिशा दास एवं साक्षी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। साथ ही महाकवि की चर्चित रचनाओं का भावपूर्ण गायन किया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को मिथिला की परंपरा के अनुसार शॉल, माला एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रखंड प्रमुख अनूप कश्यप तथा सचिव भगीरथ लाल दास ने किया।
पढ़ें: श्रमजीवी एक्सप्रेस में अगले सात दिन तक कन्फर्म टिकट नहीं, कितनी है वेटिंग?
समारोह में साहित्यकारों, विद्वानों, कवियों एवं शोधार्थियों ने महाकवि लालदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की। वक्ताओं ने उनकी साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान बिहार बोर्ड परीक्षा में बालिका वर्ग की टॉपर सोनी कुमारी और बालक वर्ग के टॉपर सचिन कुमार को मेधावी पुरस्कार प्रदान किया गया।कार्यक्रम में बुन्नीलाल दास रचित एवं मनहर गोपाल संपादित संस्कृत नाटक ‘अभिज्ञान मैथिलम’ तथा डॉ. संजीव शर्मा संपादित स्मारिका ‘भावांजलि’ का लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता साहित्यकार प्रकाश प्राण ने कहा कि महाकवि लालदास की रचनाओं में समाज, संस्कृति, भक्ति और लोकजीवन का सुंदर समन्वय मिलता है। उनकी साहित्यिक साधना मिथिला की अमूल्य धरोहर है। डॉ. रमानंद झा रमण, डॉ. विनय कर्ण, केदार कानन, अमल कुमार झा एवं आशीष चमन ने भी महाकवि के साहित्यिक योगदान पर विचार रखे। शोधार्थी राहुल राज गुप्ता एवं मनोज कुमार पंडित ने शोध आलेख प्रस्तुत किए।
इस दौरान डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि पंडित लालदास का जन्म 1856 ईस्वी में हुआ था और 1921 ईस्वी में उनका निधन हो गया। 65 वर्ष के जीवनकाल में उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से मिथिलांचल के साहित्य को नई दिशा देने का प्रयास किया। उन्होंने कुल 18 पुस्तकों की रचना की थी।
