शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:शराब के नशे में पति करता था मारपीट, पत्नी ने करंट लगाकर की हत्या; शव दरवाजे पर रख रची हादसे की कहानी – Wife Killed Husband Electric Current Domestic Violence Madhepura Bihar News Police Solved Case
कोसी

बिहार:शराब के नशे में पति करता था मारपीट, पत्नी ने करंट लगाकर की हत्या; शव दरवाजे पर रख रची हादसे की कहानी – Wife Killed Husband Electric Current Domestic Violence Madhepura Bihar News Police Solved Case

November 13, 2026


बिहार के मधेपुरा जिले में एक युवक की करंट लगाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप उसकी पत्नी पर लगा है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी गुंजन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गुंजन ने पति नंदकिशोर मुखिया (26) को करंट लगाकर मारने की बात स्वीकार की है। मृतक के पिता ठाकुर मुखिया के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामला बिहारीगंज थाना क्षेत्र की सरौनी कला पंचायत के वार्ड-9 का है। बुधवार सुबह घर के दरवाजे के पास नंदकिशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पति की प्रताड़ना से परेशान होकर हत्या की रची साजिश

पुलिस पूछताछ में गुंजन ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था। वह अक्सर नशे में घर लौटता था और उसके साथ मारपीट करने के साथ दुर्व्यवहार भी करता था। गुंजन के अनुसार, शादी के बाद से ही वह पति की प्रताड़ना से परेशान थी। इसी वजह से उसने नंदकिशोर की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात नंदकिशोर शराब पीकर मेला देखने गया था। रात करीब एक बजे घर लौटने के बाद वह दरवाजे पर अपने पिता के पास सो गया। इसके बाद सुबह करीब तीन बजे उसकी पत्नी उसे जगाकर घर के अंदर ले गई।

बेहोश होने पर लगाया करंट, फिर दरवाजे पर रख दिया शव

पुलिस का कहना है कि घर के अंदर नशे की हालत में नंदकिशोर ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद जब वह बेहोश हो गया तो गुंजन ने उसे करंट लगा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद घटना को सामान्य मौत दिखाने के लिए आरोपी ने शव को घर के दरवाजे पर लाकर रख दिया।

बुधवार सुबह घर के दरवाजे के पास शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान वहां से जला हुआ कॉपर तार बरामद किया। मृतक के हाथ पर जलने के निशान और गले पर भी निशान मिले थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, एसडीपीओ ने भी किया निरीक्षण

मामले की जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने भी मौके का निरीक्षण किया था। शुरुआती जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने करंट लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई थी।

इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी गुंजन कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझ गई। आरोपी पत्नी ने पति को करंट लगाकर मारने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X