डोईवाला। ग्राम पंचायत सिमलास ग्रांट के किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनने के कारण हो रही परेशानियों पर उपजिलाधिकारी डोईवाला को ज्ञापन देकर गुहार लगाई है। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने गांव में विशेष शिविर लगाने की मांग की है। शुक्रवार को किसानों ने तहसील पहुंचकर प्रशासिनक अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी डोईवाला को संबोधित ज्ञापन में बताया कि कृषि विभाग की ओर से फार्मर रजिस्ट्री परिचय पत्र और हिस्सा प्रमाण पत्र बनाने का कार्य किया जा रहा है। सिमलास ग्रांट के तमाम किसानों की अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पा रही है। इसके चलते उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसान उमेद वोरा ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री को आवश्यक दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा है। इसके अभाव में किसानों को बीज, खाद और बैंक सहित अन्य संस्थाओं से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गांव में ही फार्मर रजिस्ट्री बनाने की व्यवस्था की जानी चाहिए।