शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार न्यूज:दो बाइकों की टक्कर में मां-बेटी की मौत, पांच माह की मासूम ने भी तोड़ा दम; पिता गंभीर – Kishanganj Bihar News: Two Bikes Collision Mother And Five Month Old Daughter Died
कोसी

बिहार न्यूज:दो बाइकों की टक्कर में मां-बेटी की मौत, पांच माह की मासूम ने भी तोड़ा दम; पिता गंभीर – Kishanganj Bihar News: Two Bikes Collision Mother And Five Month Old Daughter Died

November 7, 2026


बिहार के किशनगंज में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसकी पांच माह की मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि बच्ची के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जिला मुख्यालय से सटे टेउसा पंचायत के ठऔआ पाड़ा झारबाड़ी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान टेउसा पंचायत के टेउसा पूरब टोला निवासी सगुफ्ता प्रवीण (28) पत्नी जुबेर आलम और उनकी पांच माह की बेटी मारिया खातून के रूप में हुई है। हादसे में जुबेर आलम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरो शिराज और ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।

विधायक कमरुल हुदा ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

हादसे की खबर मिलने के बाद सदर विधायक कमरुल हुदा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। विधायक ने कहा कि बाइक अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

वहीं, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद मोइनुद्दीन ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में महिला और उसकी मासूम बेटी की मौत हुई है, जबकि बच्ची के पिता घायल हैं।

परिजनों ने पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई से किया इन्कार

हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। परिजनों ने बाइक चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की इच्छा भी नहीं जताई। मृतका के ससुर नजीर हुसैन ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है।

हादसे में मां और मासूम बेटी की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घायल जुबेर आलम का अस्पताल में इलाज जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X