बिहार में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर:एक युवक की मौत; मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों समेत चार घायल – Muzaffarpur Bike Collision One Dead Four Injured Medical College Students
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक निजी मेडिकल कॉलेज के दो छात्र भी शामिल हैं। हादसा तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की-छाजन रोड पर रात के समय हुआ। घायलों में एक की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक तुर्की चौक स्थित मछली की दुकान से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज के दो छात्र दूसरी बाइक से तुर्की की ओर जा रहे थे। तुर्की-छाजन रोड पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में छाजन मनरिया निवासी करीब 25 वर्षीय राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पंकज कुमार और महेश सहनी समेत चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में कुल पांच युवक घायल हुए थे। इनमें दो मेडिकल कॉलेज के छात्र और तीन स्थानीय ग्रामीण शामिल थे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हैं। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, इस दुर्घटना में राकेश कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
