रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएं मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म :डीएम – Blos Should Go Door-to-door To Get Forms Related To The Electoral Roll Filled Out: Dm
पीलीभीत

बीएलओ घर-घर जाकर भरवाएं मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म :डीएम – Blos Should Go Door-to-door To Get Forms Related To The Electoral Roll Filled Out: Dm

November 27, 2026


पीलीभीत। विधानसभा निर्वाचन-2027 के मद्देनजर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शुक्रवार को गांधी प्रेक्षागृह में बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार ने विधानसभा क्षेत्र 127 पीलीभीत के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और फॉर्म भरवाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, अपात्र और मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य बदलाव के लिए फॉर्म-8 भरवाए जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिला मतदाताओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करने और प्रतिदिन की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं को जागरूक कर निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, बूथ लेवल अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

——

जिले के 22 बूथों पर अब तक एक भी मतदाता फार्म लेने नहीं पहुंचा, बीएलओ को कार्रवाई की चेतावनी

जिले में कुल 958 मतदान केंद्र और 1662 मतदेय स्थल

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता फार्म वितरण की प्रगति में जिले के 22 मतदेय स्थलों की स्थिति चिंताजनक है। इन बूथों पर 27 नवंबर तक एक भी मतदाता फार्म प्राप्त करने नहीं पहुंचा है। निर्वाचन आयोग की बेवसाइट पर प्रदर्शित सूचना के अनुसार इन बूथों पर फार्म प्राप्त करने वालों की संख्या शून्य है। इस पर डीएम आलोक कुमार ने संबंधित बीएलओ को चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

जिले में कुल 958 मतदान केंद्र और 1662 मतदेय स्थल (बूथ) हैं। इनमें पीलीभीत, बरखेड़ा, पूरनपुर और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में 22 बूथों पर अब तक एक भी मतदाता का फार्म प्राप्त न होना निर्वाचन विभाग के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

—

इन विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर शून्य फार्म

निर्वाचन आयोग की बेवसाइट पर 27 नवंबर को प्रदर्शित आंकड़ों के अनुसार शून्य फार्म प्राप्त होने वाले बूथ चारों विधानसभा क्षेत्रों में हैं। इनमें पीलीभीत विधानसभा के तीन, बरखेड़ा के चार, पूरनपुर का एक और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के 14 बूथ शामिल बताए गए हैं।

डीएम ने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और गणना प्रपत्र प्राप्त करने के लिए जागरूक करें। अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में प्रगति नहीं होने पर संबंधित बीएलओ की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X