उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बुधवार को बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के गांव अलीनगर में श्री श्याम कृपा धाम मंदिर के भव्य शिलान्यास एवं भूमि पूजन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने नरसेना थाना क्षेत्र में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में शिरकत की और साधु-संतों के सानिध्य में मंदिर निर्माण का शुभारंभ किया।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बाबा खाटू श्याम से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। वहीं, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और राम मंदिर न जाने के मुद्दे पर बृजेश पाठक ने कहा कि सपा प्रमुख का सनातन संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव से पहले कारसेवकों की हत्या पर माफी मांगने की बात कही।
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बृजेश पाठक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा गठबंधन को फिर से हार का सामना करना पड़ेगा।