भाई दूज:बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर की दीर्घायु की कामना – Exercise Caution During The Changing Weather; Negligence Could Leave Children And The Elderly Vulnerable To Pneumonia
ललितपुर। दीपावली के बाद तीसरे दिन भाई दूज का पर्व श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। भाई बहन के स्नेह के इस पर्व पर बहनों ने भाईयों को तिलक कर उनकी लंबी आयु की कामना की। जबकि भाईयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए।
दीपावली के बाद इस बार भाई दूज का पर्व तीसरे दिन बुधवार को तिथि के अनुसार मनाया गया। भाई दूज पर महिलाओं ने बुंदेलखंडी परंपरा के अनुसार घर के दरवाजों के बाहर चबूतरों पर गोबर की दोजें बनाईं और विधि विधान के साथ पूजन अर्चन कर आरती की। इसके बाद घरों में भगवान ठाकुरजी को भोग लगाया गया। इस दिन घराें में खीर-पूड़ी व अन्य पकवान बनाए गए। बहनों ने भाईयों को हल्दी, रोली और चावल से तिलक कर भाईयों की दीर्घायु की कामनाएं कीं। वहीं भाईयों ने भी बहनों को स्नेह स्वरूप कपड़े, गिफ्ट आदि आकर्षक उपहार या फिर रुपये भेंट किए और पैर छूकर बहनों से आशीर्वाद लिया। जबकि बहनों ने भाईयों को मिष्ठान खिलाकर मुंह मीठा कराया। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भाई दूज का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें बहनों ने भाइयों को तिलक लगाया।
-नेहरूमहाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.ओमपकाश शास्त्री ने बताया कि दीपावली का पांच दिवसीय महोत्सव भाई दूज के साथ संपन्न होता है। यह पर्व भाई बहन के स्नेह एवं पारंपरिक संबंधों की मधुरता का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाईयों की दीर्घायु, सुख समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना से भगवान यमराज एवं माता यमुना का पूजन करके भाइयों के मस्तक पर तिलक करती हैं। बुधवार को पूजन एवं तिलक सुबह आठ से दोपहर बारह बजे तक शुभ मुहूर्त में किया गया।
एक दिन में ही बिक गई कई क्विंटल मिठाई
भाईदूज के पर्व पर बुधवार को सुबह से ही शहरभर में मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ नजर आई। लोगों ने तरह-तरह की मिठाइयां और गिफ्ट पैक खरीदे। सुबह से शुरू हुई खरीदारी का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। हालात ये रहे कि कई प्रसिद्ध मिष्ठान भंडारों पर दोपहर तीन बजे तक मिठाई पूरी तरह बिकने से खत्म हो गई और कई लोगों को बाद में जरूरत पड़ने पर मिठाई ही नहीं मिल सकी। वहीं बाजार में गिफ्ट आइटम और सूखे मेवों की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
