रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भीलवाड़ा:काले पानी के टैंक में सफाई करने उतरे दो सगे भाइयों की मौत, जहरीली गैस से घुटा दम – Bhilwara Hamirgarh Factory Toxic Gas Two Brothers Death
भीलवाड़ा

भीलवाड़ा:काले पानी के टैंक में सफाई करने उतरे दो सगे भाइयों की मौत, जहरीली गैस से घुटा दम – Bhilwara Hamirgarh Factory Toxic Gas Two Brothers Death

November 25, 2026


राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ स्थित आरएसडब्ल्यूएम कारखाने में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां काले पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई ठेकेदार राघव एंटरप्राइजेज के माध्यम से कारखाने में सफाई का काम करने पहुंचे थे। टैंक में दम घुटने से दोनों बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

भाई को बचाने के लिए टैंक में उतरा दूसरा भाई

जानकारी के अनुसार, कारखाने में काले पानी के टैंक की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक भाई सफाई करने के लिए टैंक के अंदर उतरा। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो बाहर खड़े दूसरे भाई को चिंता हुई। उसे अनहोनी की आशंका हुई और वह अपने भाई को बचाने के लिए टैंक में उतर गया।

हालांकि, टैंक में पहले से जमा जहरीली गैस के कारण दूसरा भाई भी उसकी चपेट में आ गया। दोनों का दम घुट गया और वे टैंक से बाहर नहीं निकल सके। आसपास मौजूद लोगों ने जब टैंक के अंदर देखा तो दोनों भाई अचेत अवस्था में पड़े मिले।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को टैंक से बाहर निकाला और उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दौसा जिले के रामपुरा निवासी रोशन और राजू के रूप में हुई है।

दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, रामपुरा गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X