रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भोपाल गैस त्रासदी:30 दिन में निपटें सभी लंबित अपीलें, हाईकोर्ट ने जिला अदालत को दिया निर्देश – Bhopal Gas Tragedy High Court 30 Days Appeal Hearing Order
जबलपुर

भोपाल गैस त्रासदी:30 दिन में निपटें सभी लंबित अपीलें, हाईकोर्ट ने जिला अदालत को दिया निर्देश – Bhopal Gas Tragedy High Court 30 Days Appeal Hearing Order

November 24, 2026


मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े आपराधिक मामलों की अपीलों पर 30 दिनों के भीतर सुनवाई पूरी करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने आरोपों में कथित त्रुटियों के आधार पर अलग से सुनवाई की मांग करने वाली तीन याचिकाओं को खारिज कर दिया। अदालत ने साफ किया कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 464 के तहत केवल आरोपों में खामी का होना ही पर्याप्त आधार नहीं है, बल्कि इसके कारण न्याय की विफलता सिद्ध करना अनिवार्य है। अदालत ने भोपाल जिला न्यायालय को लंबित अपीलों का निपटारा यथाशीघ्र करने के लिए कहा है।

30 दिनों में सुनवाई पूरी करने का निर्देश

भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड संयंत्र से दिसंबर 1984 में हुई जहरीली गैस रिसाव की घटना ने हजारों जिंदगियों को प्रभावित किया था। इस ऐतिहासिक मामले में भोपाल की निचली अदालत ने सात जून 2010 को आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी। इस फैसले के विरुद्ध आरोपियों ने आपराधिक अपील दायर की थी, जो लंबे समय से लंबित चल रही है।

अपील की प्रक्रिया के दौरान 25 अप्रैल ,2022 को याचिकाकर्ताओं ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 464 के तहत नया आवेदन प्रस्तुत किया था। भोपाल निवासी एस. पी. चौधरी सहित अन्य याचिकाकर्ताओं ने आवेदन के जरिये निचली अदालत द्वारा तय किए गए आरोपों की वैधानिकता पर सवाल उठाए थे। उच्च न्यायालय में दायर याचिकाओं में मांग की गई थी कि अपील की मुख्य सुनवाई से पहले आरोपों में मौजूद त्रुटियों पर अलग से निर्णय लिया जाए, ताकि मामले की दिशा स्पष्ट हो सके।

याचिकाकर्ताओं के तर्क और सरकार का विरोध

याचिकाकर्ताओं की ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ताओं ने अदालत के समक्ष तर्क दिया कि विचारण के समय प्रत्येक अभियुक्त की विशिष्ट भूमिका और उसके विरुद्ध लगाए गए आरोपों को स्पष्ट रूप से रेखांकित नहीं किया गया था। इस अस्पष्टता के कारण आरोपियों को अपना बचाव प्रस्तुत करने का उचित अवसर नहीं मिल सका, जिससे उनके विधिक अधिकारों का हनन हुआ और न्याय की विफलता की स्थिति उत्पन्न हुई। याचिकाकर्ताओं ने यह भी रेखांकित किया कि इस आवेदन पर निचली अदालत में पहले ही 36 दिनों तक लंबी सुनवाई हो चुकी है। ऐसे में इस बिंदु को अंतिम निर्णय तक लटकाए रखना प्रक्रिया में अनावश्यक देरी का कारण बनेगा।

दूसरी तरफ, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के साथ-साथ केंद्र सरकार और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों ने याचिकाकर्ताओं की मांग का पुरजोर विरोध किया। सरकारी पक्ष ने तर्क रखा कि आरोपों में किसी तकनीकी त्रुटि के कारण वास्तव में कोई न्याय प्रभावित हुआ है या नहीं, इसका सही आकलन केवल पूरी फाइल को देखकर  किया जा सकता है। इसके लिए विचारण के दौरान दर्ज सभी साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और अभियुक्तों के बयानों का विस्तृत परीक्षण करना आवश्यक है।

विचारण अभिलेख और साक्ष्यों का परीक्षण

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बादउच्च न्यायालय की एकलपीठ ने माना कि आरोपों में केवल किसी त्रुटि का होना याचिका स्वीकार करने का आधार नहीं बन सकता। अदालत ने स्पष्ट कहा कि यह सिद्ध करना याचिकाकर्ता की जिम्मेदारी है कि उस त्रुटि से वास्तव में न्याय प्रक्रिया बाधित हुई है। इस बात की गहन जांच पूरी विचारण पत्रावली, साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के व्यापक विश्लेषण के बिना संभव नहीं है।

उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया कि सभी तकनीकी व कानूनी पहलुओं पर लंबित आपराधिक अपीलों की अंतिम सुनवाई के दौरान ही विचार किया जाएगा। अलग से सुनवाई की मांग वाली याचिकाओं को निरस्त करते हुए अदालत ने भोपाल जिला न्यायालय को आदेश दिया कि वह सभी लंबित अपीलों पर नियमित सुनवाई करे। उच्च न्यायालय ने अधीनस्थ अदालत से अपेक्षा की है कि वह यथासंभव 30 दिनों में इन अपीलों पर अंतिम फैसला सुनाकर पूरी प्रक्रिया को विधिपूर्वक अंजाम दें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X