मध्य प्रदेश:अवकाश के दिन सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने लगाई बुलडोजर एक्शन पर रोक, याचिकाकर्ता को अंतरिम राहत – Hearing The Matter On A Holiday, The High Court Stayed The Bulldozer Action
November 23, 2026

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर
विस्तार
रविवार को अवकाश के बावजूद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता कॉलोनी के ईडब्ल्यूएस मकानों के ध्वस्तीकरण के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई हुई। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता के मकान को तोड़ने पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को निर्धारित की गई है।
भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता कॉलोनी निवासी मोहम्मद हाफिज खान ने याचिका दायर कर बताया कि हाउसिंग बोर्ड की ओर से बनाई गई कॉलोनी में उनका मकान नंबर 465 है। मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम ने मकानों को जर्जर घोषित करते हुए सोमवार, 23 नवंबर को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की है। याचिका में उनके मकान पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई थी।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: अतिथि विद्वानों के नियमितीकरण के लिए बनाएं अलग कैडर, हाईकोर्ट ने दिए सरकार को निर्देश
1986 में बने थे मकान, सुरक्षा के लिए बताया खतरा
सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड और भोपाल नगर निगम की ओर से बताया गया कि संबंधित मकानों का निर्माण वर्ष 1986 में हुआ था। मकान काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जिससे उनमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरा है। योजना के तहत कुल 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे। इनमें से 110 क्वार्टर ही पात्र आवंटियों को आवंटित किए जा सके, जबकि शेष पर अतिक्रमण है। अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। नगर निगम ने फोटोग्राफ के साथ रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि मकानों की स्थिति बेहद जर्जर है। वर्ष 2016 से ही ध्वस्तीकरण के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। क्षेत्र के निवासियों को समझाने के लिए शिविर भी आयोजित किए गए थे।
पुनर्निर्माण के बाद वैध आवंटियों को मिलेगा मकान
हाउसिंग बोर्ड ने पुनर्निर्माण योजना का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत वैध आवंटियों को वर्तमान कब्जे वाले क्षेत्र के अतिरिक्त 20 प्रतिशत निर्माण की सुविधा देने की बात कही गई है। साथ ही, निर्माण कार्य पूरा होने और दोबारा कब्जा मिलने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की पेशकश भी की गई है।
किराये की राशि पर सहमति बनाने का आश्वासन
याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि कलेक्टर द्वारा प्रस्तावित 1,200 से 1,500 रुपये मासिक किराया मौजूदा बाजार दरों के मुकाबले काफी कम है। उन्होंने मांग की कि उचित किराया तय होने के बाद ही मकान तोड़ने की कार्रवाई की जाए। इस पर हाउसिंग बोर्ड ने सहमति जताते हुए कलेक्टर और याचिकाकर्ता के साथ बैठक कर किराये की राशि तय करने का आश्वासन दिया। मामले में सुनवाई के बाद एकलपीठ ने अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता के मकान को तोड़ने पर रोक लगा दी।
