मातम में बदलीं दीपावली की खुशियां:परिवार के साथ कर रहे थे भोजन, घर में लगी आग ने छीनी 107 साल की छत्रछाया – Ujjain: 107-year-old Man Dies Of Suffocation As Smoke Engulfs Home During Diwali Dinner

दिवाली की रात घर में लगी आग से गई बुजुर्ग की जान
November 10, 2026

दिवाली की रात घर में लगी आग से गई बुजुर्ग की जान
खुशियों के ठहाके, लक्ष्मी पूजन का भक्तिमय माहौल और एक साथ बैठकर खाना खाने की आत्मीयता सब कुछ पल भर में राख के ढेर और आंसुओं के समंदर में बदल गया। नागझिरी इलाके के विश्वकर्मा परिवार के लिए रविवार की रात एक ऐसा खौफनाक सपना बनकर आई, जिसका दर्द शायद वक्त भी कभी न भर सके। परिवार के सभी सदस्य पूजन के बाद थाली सजाकर भोजन की शुरुआत ही कर रहे थे कि अचानक उठे धुएं के काले गुबार ने पूरे घर की खुशियों को मातम में तब्दील कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में परिवार की सबसे बड़ी छत्रछाया 107 वर्षीय बुजुर्ग मोहनलाल विश्वकर्मा की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे का मंजर याद करते हुए पोते कमलेश विश्वकर्मा की आंखें छलक पड़ीं। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार भोजन कर ही रहा था कि अचानक धुआं उठने लगा। जब तक कोई कुछ समझ पाता, धुएं ने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच कमलेश ने अपनी पत्नी और अन्य सदस्यों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन पहली मंजिल पर स्थित कमरे में मौजूद 107 वर्षीय दादाजी मोहनलाल तक धुएं की भयंकर कालिमा के कारण कोई पहुंच ही नहीं सका। कमलेश ने रुंधे गले से कहा, हम सब भागते रहे, सबको सुरक्षित नीचे ले आए स दादाजी ऊपर ही छूट गए। धुआं इतना घना था कि कमरे तक जाना नामुमकिन हो गया। हम उन्हें बचा नहीं पाए।
जीवन के 107 पड़ाव देख चुके मोहनलाल पेशे से कारपेंटर थे और पूरे परिवार की रीढ़ थे। हादसे के बाद से उनके बेटे मिश्रीलाल गहरे सदमे में हैं। वे इतने टूटे हुए हैं कि किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं। सुबह जब कुछ परिचित दुख बांटने पहुंचे, तो बुजुर्ग बेटे का सब्र का बांध टूट गया और वे फफक-फफककर रो पड़े। वहां मौजूद हर शख्स की आंखें यह मंजर देखकर नम हो गईं।
जली दीवारें और टूटे शीशे बयां कर रहे रात का खौफ
सुबह जब धुएं का गुबार छंटा, तो घर का मंजर दिल दहला देने वाला था, जिन दीवारों पर कुछ घंटे पहले त्योहार की रौनक थी, वे अब पूरी तरह काली पड़ चुकी थीं। आग की भीषण तपिश से खिड़कियों के शीशे चटककर बिखरे पड़े थे। जिस आंगन में लक्ष्मी पूजन की खुशबू थी, वहां सन्नाटे की चीख गूंज रही थी। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। फिलहाल परिवार को पास ही के एक दूसरे मकान में शरण लेनी पड़ी है। एक पल में घर का चिराग बुझ जाना और 107 साल के बुजुर्ग का यूं साया उठ जाना, पूरे नागझिरी इलाके को गमगीन कर गया है।
November 13, 2026
आज की भस्म आरती में बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। पंचामृत अभिषेक के बाद भगवान को भांग अर्पित कर चांदी का मुकुट और मुंडमाला धारण कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और जय श्री महाकाल के जयकारों से परिसर गूंज उठा।
November 13, 2026
सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में मंदिरों के विकास पर 1124 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यूडीए 1123.52 करोड़ की लागत से मंदिरों में सुगम दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सड़क मार्ग और सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करेगा लेकिन इस बड़ी योजना में उज्जैन के प्रथम पूज्य श्री चिंतामण गणेश मंदिर का […]
November 13, 2026
श्रीगंगा होटल हादसा विस्तार दिवाली की रोशनी के बीच उज्जैन में 4 घरों के चिराग बुझ गए। श्री गंगा होटल के चैंबर की सफाई के दौरान 4 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। इन मौतों के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब नगर निगम के पास सफाई के लिए मशीनें […]
