शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उमरिया:गोपाल-कृष्ण पुरस्कार समारोह, संध्या पांडेय बनीं जिले की अव्वल पशुपालक; एक लाख रुपये का मिला पुरस्कार – Cow Protection And Animal Husbandry Promoted At Govardhan Puja In Umaria
उमरिया

उमरिया:गोपाल-कृष्ण पुरस्कार समारोह, संध्या पांडेय बनीं जिले की अव्वल पशुपालक; एक लाख रुपये का मिला पुरस्कार – Cow Protection And Animal Husbandry Promoted At Govardhan Puja In Umaria

November 10, 2026


मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत डोडका स्थित कामधेनु गौशाला में गोवर्धन पूजा एवं गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर राखी सहाय सहित अन्य अतिथियों ने विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत और गौवंश की पूजा-अर्चना कर आयोजन की शुरुआत की। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में उज्जैन की तिलकेश्वर गौशाला में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर राखी सहाय ने कहा कि कृषि के साथ गौवंश पालन भी किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। किसान खेती और उद्यानिकी के साथ भारतीय नस्ल की गायों का पालन करें तो उनकी आय के अतिरिक्त साधन विकसित होंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए प्रदेश सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों और पशुपालकों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

कलेक्टर ने गौवंश के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि सनातन परंपरा में गाय को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौवंश की पूजा के साथ उनकी उचित देखभाल भी जरूरी है। पशुपालकों को गायों को परिवार के सदस्य की तरह रखना चाहिए और उन्हें सड़कों पर खुला नहीं छोड़ना चाहिए। गौवंश का संरक्षण धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी माध्यम है।

पढे़ं: मंदसौर में 62 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी ने कहा कि प्रदेश सरकार के आह्वान पर प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही गोपाल-कृष्ण पुरस्कार योजना के माध्यम से उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय बढ़ाने की अपील की।

एक लाख रुपये का पुरस्कार पाकर संध्या पांडेय बनीं जिले की अव्वल पशुपालक

कार्यक्रम में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत भारतीय नस्ल की दुधारू गायों के पालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिले में प्रथम और प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली पशुपालक संध्या पांडेय को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले रणबहादुर सिंह को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दिनेश कुशवाहा को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं अब्दुल कलीम ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले की बांधवगढ़ विधानसभा के ग्राम पठारी और मानपुर विधानसभा के ग्राम डोडका का चयन कर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाना, उन्नत देशी नस्लों का संरक्षण करना और पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है। कार्यक्रम के दौरान गौवंश को गुड़, चना और पूड़ी खिलाई गई। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रत्युष श्रीवास्तव, जनपद सदस्य सावित्री सिंह, सरपंच गेंदा बाई, सचिव राजेश पांडेय, पशु चिकित्सा विभाग के एचपी शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X