शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मानसा में चिट्टा लेता एएसआई काबू:लोगों ने पकड़ा, पुलिस से धक्का-मुक्की; आप नेता की एजेंसी में की तोड़फोड़ – Asi Caught Consuming Drug In Mansa Scuffle With Police Vandalism At An Aap Leader Agency
लुधियाना

मानसा में चिट्टा लेता एएसआई काबू:लोगों ने पकड़ा, पुलिस से धक्का-मुक्की; आप नेता की एजेंसी में की तोड़फोड़ – Asi Caught Consuming Drug In Mansa Scuffle With Police Vandalism At An Aap Leader Agency

October 31, 2026


पंजाब में चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई के बीच मानसा के बुढलाडा में उस समय हंगामा हो गया जब लोगों ने एक एएसआई को सार्वजनिक शौचालय में कथित तौर पर चिट्टे का सेवन करते पकड़ लिया। 

एएसआई सहजप्रीत सिंह को भीड़ से बचाने पहुंची पुलिस की लोगों से धक्का-मुक्की हुई। पुलिस उसे पास की आम आदमी पार्टी के नेता की स्कूटर एजेंसी में ले गई तो गुस्साई भीड़ ने एजेंसी और शोरूम में तोड़फोड़ कर दी। लोगों ने सड़क पर धरना लगाकर पुलिस, प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एएसआई का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

घटना शुक्रवार दोपहर बुढलाडा के आईटीआई चौक की है। लोगों के मुताबिक, चौक के सार्वजनिक शौचालय में एएसआई सहजप्रीत सिंह चिट्टे का सेवन कर रहा था। लोगों ने उसे देख लिया तो वह वहां से भागने लगा। भीड़ ने उसे पकड़ लिया। कुछ लोगों ने उसकी जेब से चिट्टे की पुड़ियां मिलने का दावा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एएसआई को लोगों के बीच से निकालने लगी। इस दौरान पुलिसकर्मियों और भीड़ के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई। इसमें कुछ लोगों को चोटें लगने की भी बात सामने आई है।

पुलिस एएसआई को बचाकर आईटीआई चौक स्थित स्कूटर एजेंसी में ले गई। यह एजेंसी आम आदमी पार्टी के बुढलाडा मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश सिंगला की है। पुलिस को एएसआई को वहां ले जाते देख भीड़ भड़क गई और एजेंसी व शोरूम में तोड़फोड़ कर दी। बाद में पुलिस एएसआई को पीछे के दरवाजे से बाहर निकालकर ले गई। लोगों ने आरोप लगाया कि युवाओं को चिट्टे से बचाने की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस का कर्मचारी खुद नशा करते पकड़ा गया, लेकिन पुलिस उसे बचाने में जुटी रही।

डोप टेस्ट पॉजिटिव, केस दर्ज

एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सहजप्रीत सिंह को झोटा हत्याकांड के बाद जहानखेला से विशेष ड्यूटी पर मानसा में तैनात किया गया था। नशा करने की शिकायत पर उसका डोप टेस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव आया है। उसके खिलाफ थाना सिटी बुढलाडा में केस दर्ज किया गया है। यह भी जांच की जाएगी कि वह नशा कहां से लाया और कब से इसका सेवन कर रहा था। एसपी ने स्पष्ट किया कि एएसआई से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है।

उधर, सतीश सिंगला ने कहा कि एजेंसी का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। भीड़ ने उनके शोरूम में तोड़फोड़ की है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X