नोएडा के फर्नीचर कारोबारी शाहिद चौधरी को कथित तौर पर अवैध हिरासत में रखकर प्रताड़ित करने और उनसे लाखों रुपये की वसूली करने के मामले में मुख्य साजिशकर्ता साइबर कैफे संचालक शादाब राव अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, इनपुट मिले हैं कि फरार शादाब राव अब भी मामले में दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के संपर्क में है और उनसे व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत कर रहा है। मामले की जांच में तीन पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं। अब उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति करेंगे।
साइबर फ्रॉड की रकम आने का झांसा देकर रची गई साजिश
नोएडा के सेक्टर-93 गेझा निवासी फर्नीचर कारोबारी शाहिद चौधरी के खाते में साइबर फ्रॉड की थ्री-लेयर रकम आने का झांसा देकर कथित तौर पर पूरी साजिश रची गई थी। मवाना निवासी शादाब राव के भाई दानिश ने लिसाड़ी गेट थाने में शाहिद के खिलाफ पैसों के लेनदेन को लेकर तहरीर दी थी। इसके बाद साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी अंकित सागर और हेड कांस्टेबल नीरज कुमार ने शाहिद और उनकी पत्नी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए थे।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर घर लौटने की होड़: ट्रेन-बस से लेकर नमो भारत और मेट्रो तक फुल; खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री