अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के कस्बा उझारी में ढबारसी रोड स्थित एक आम के बाग में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या की गई है। मृतक की पहचान कस्बा निवासी मोबिन (26) पुत्र अब्दुल रशीद उर्फ घसीटा के रूप में हुई है। बाग में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक के भाई ने बताया कि मोबिन पेशे से चालक था और तीन दिन पहले घर से ट्रक पर जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों ने अज्ञात हमलावरों पर मोबिन की हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी महताब और दो मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर थाना सैदनगली पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।