दीपावली की रात घर लौट रहे सब्जी मंडी के एक आढ़ती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शीतला चौकिया धाम स्थित सब्जी मंडी में अपनी आढ़त पर दीपक जलाकर निकला 30 वर्षीय युवक करीब दो किलोमीटर दूर ककोरगहना गांव के चौरा माता मंदिर के पास सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से दीपावली की खुशियां मना रहे परिवार में मातम छा गया।
कुत्तुपुर गांव निवासी कृष्णनाथ मौर्य का पुत्र सचिन मौर्य शीतला चौकिया धाम स्थित सब्जी मंडी में आढ़त चलाता था। रविवार रात करीब आठ बजे वह अपनी आढ़त पर दीपक जलाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान ककोरगहना गांव निवासी राहुल सोनकर ने उसे चौरा माता मंदिर के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। सचिन को इस हालत में देखकर राहुल ने तत्काल उसके परिजनों को फोन कर सूचना दी।