शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पीलीभीत

Pilibhit News:बाल दिवस पर बच्चों को पीटीआर का तोहफा, मुफ्त में करेंगे जंगल सफारी – A Children’s Day Gift From Ptr: Kids Get To Enjoy A Free Jungle Safari

November 13, 2026


पीलीभीत। बाल दिवस पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन ने बच्चों को खास तोहफा देने का निर्णय लिया है। 14 नवंबर को 12 वर्ष तक की आयु के बच्चे निशुल्क जंगल सफारी कर सकेंगे। इस दौरान बच्चों से किसी भी तरह का प्रवेश या सफारी शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति और वन्यजीवों के करीब लाना है।

टाइगर रिजर्व प्रशासन के अनुसार, सामान्य दिनों में पर्यटन सत्र के दौरान पांच से 12 वर्ष तक की आयु के बच्चों से आधा शुल्क लिया जाता है। हालांकि, बाल दिवस पर 12 वर्ष तक के सभी बच्चों को निशुल्क सफारी कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कई स्कूलों ने भी बच्चों को सफारी कराने के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन से संपर्क साधा है। पीटीआर प्रशासन पिछले पर्यटन सत्र से प्रोजेक्ट दिव्य दर्शन के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और दिव्यांग बच्चों को निशुल्क जंगल सफारी करा रहा है। इस पहल के तहत अब तक 1500 से अधिक स्कूली बच्चे जंगल की सैर कर चुके हैं।

डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बाल दिवस पर 12 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क जंगल सफारी कराने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को जंगल सफारी का अनुभव कराना और प्रकृति के करीब लाना है, ताकि वे वन्यजीवों और प्राकृतिक धरोहर के महत्व को समझ सकें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X