दीपावली की रात पटाखा फोड़ने के दौरान हुए हादसे में आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। ऊनी बम को गिलास से ढककर फोड़ने के दौरान हुए तेज धमाके से गिलास टूट गया। उसका एक टुकड़ा बालक के पेट में जा घुसा। गंभीर हालत में परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे से परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के समदाहा गांव निवासी स्वर्गीय राजेश कश्यप का आठ वर्षीय पुत्र आभास कश्यप रविवार रात घर के पास पटाखा फोड़ रहा था। इसी दौरान उसने ऊनी बम को एक गिलास से ढक दिया। पटाखे में विस्फोट होते ही तेज धमाके के साथ गिलास टूट गया। गिलास का एक टुकड़ा आभास के पेट में जा लगा। गंभीर रूप से घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़ा। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।