विधानसभा निर्वाचन-2027 निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त कराने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोन के नौ जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस बल की उपलब्धता, असलहों की स्थिति, दंगा नियंत्रण उपकरणों और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए वल्नरेबिलिटी और क्रिटिकल मैपिंग का काम बारीकी से पूरा कराने को कहा गया। साथ ही थाना और पुलिस लाइनों में उपलब्ध एंटी रायट उपकरणों की जांच कर उन्हें तीन श्रेणियों में बांटने का निर्देश दिया गया। इनमें कार्य योग्य, मरम्मत योग्य और निष्प्रयोज्य उपकरण शामिल हैं। मरम्मत योग्य उपकरणों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।
एडीजी ने निर्देश दिया कि जिलों में उपलब्ध पुलिसकर्मियों की संख्या और चुनाव के दौरान मिलने वाले अतिरिक्त बल का आकलन किया जाए। नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात, अभिसूचना और अन्य शाखाओं के कर्मचारियों की क्षमता का आकलन कर शारीरिक रूप से कमजोर और अक्षम पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा जाए।