Gonda News:बसों की चेकिंग में तीन वाहनों पर कार्रवाई – Action Taken Against Three Vehicles During Bus Checking
गोंडा। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को करनैलगंज चौराहे पर सवारी बसों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान वाहनों के कागजात और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जांच की गई। कमियां मिलने पर तीन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग न करने, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की हिदायत दी। साथ ही यात्रियों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में खोरहंसा स्थित एक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, फुटपाथ का इस्तेमाल करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की जानकारी दी गई। बच्चों से अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
