यूपी:बलरामपुर में कोहरे के कारण बाइकों में भिड़ंत, पांच युवकों की मौत; गंभीर हालत में दो लोग अस्पताल में – Up: Two Motorcycles Collide Due To Fog In Balrampur; Five Youths Killed
घना कोहरा और रात का सन्नाटा। बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर बुधवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने ऐसी भिड़ंत हुई कि पांच परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। उतरौला क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतकों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच थी। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटनास्थल पर दो टूटे हेलमेट और एक मृत बकरी भी मिली है।
एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर अक्सीबड़हरा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हुई। प्रारंभिक जांच में घने कोहरे के बीच दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर होने और कुछ पैदल राहगीरों के भी उसकी चपेट में आने की आशंका जताई गई है। हादसा इतना जबरदस्त था कि पांच लोगों की जान चली गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में उतरौला थाना क्षेत्र के बरदही निवासी गुफरान (18), बड़हरा खुर्द निवासी सलीम (20) और मोहम्मद फारूक (20), श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के चंद्रापुर चिताई निवासी रहमत (30) तथा सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के छपरतलवा निवासी तौफीक (19) शामिल हैं। वहीं बड़हरा खुर्द निवासी मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके से टीवीएस स्पोर्ट और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। दोनों के टूटे हेलमेट भी बरामद हुए हैं। सड़क पर एक मृत बकरी मिलने से दुर्घटना से जुड़े घटनाक्रम की जांच का एक और पहलू सामने आया है। हालांकि, बकरी की मौत हादसे के दौरान हुई या उसका दुर्घटना से कोई सीधा संबंध है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों मोटरसाइकिलों पर कितने लोग सवार थे और पैदल कितने लोग चल रहे थे। एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
किसी की उम्र 18 तो किसी की 20 साल
किसी ने अभी जिंदगी की दहलीज पर कदम रखा था तो कोई परिवार की जिम्मेदारियां संभालने की उम्र में था। किसी की उम्र महज 18 साल थी तो कोई 19 और 20 साल का था। बुधवार की रात उतरौला क्षेत्र के अक्सीबड़हरा के पास हुए सड़क हादसे ने पांच परिवारों से उनके अपने छीन लिए। दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में गुफरान (18), सलीम (20), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) की जान चली गई। सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। एक ही हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर से उनके गांवों में शोक की लहर फैल गई। घायलों मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
रात करीब 11 बजे बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर घने कोहरे के बीच दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हुई थी। एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक, कुछ पैदल राहगीरों के भी इसकी चपेट में आने की आशंका है। हादसे में दो मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटनास्थल पर दो टूटे हेलमेट और एक मृत बकरी भी मिली है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
