Ballia News:खुशबू की मौत के मामले में तीन सदस्यीय टीम ने दर्ज किए परिजनों के बयान – Three-member Team Records Statements Of Family Members In Khushboo S Death Case
सिकंदरपुर (बलिया)। सिवान कला गांव निवासी 28 वर्षीय खुशबू वर्मा की इलाज के दौरान हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों की ओर से उपचार में लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को तीन सदस्यीय जांच टीम ने मृतका के घर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए।
इसके बाद सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचकर उपचार से जुड़े तथ्यों और अभिलेखों की पड़ताल की। उधर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सीएमओ को फोन कर लापरवाह चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, सिकंदरपुर विधायक मुहम्मद रिजवी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सिवान कला गांव निवासी खुशबू वर्मा (28), पत्नी दीपक वर्मा की सोमवार को इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया था। उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग से निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
इसी क्रम में बुधवार को एसीएमओ डॉ. योगेंद्र दास, डिप्टी सीएमओ अरविंद चौधरी और डॉ. रफीक अख्तर की तीन सदस्यीय टीम सिवान कला गांव पहुंची। टीम ने मृतका के परिजनों से बातचीत कर बीमारी की शुरुआत, उपचार, अस्पताल ले जाने और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंची। यहां महिला को दिए गए उपचार, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की गई।
मामले की जानकारी मिलने पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सीएमओ से फोन पर बात की। उन्होंने प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, सिकंदरपुर विधायक मुहम्मद रिजवी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
सीएमओ अभय नारायण राय ने बताया कि खुशबू वर्मा की मौत के मामले में जांच की जा रही है। इसमें तीन सदस्यीय टीम ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
