यूपी :14 दिसंबर तक नालों की सफाई और सिल्ट हटाए निगम, हाईकोर्ट ने दिया आदेश – High Court Orders Municipal Corporations To Clean Drains And Remove Silt By December 14
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रयागराज नगर निगम को शहर के नालों से स्थायी स्लैब हटाने, सिल्ट निकालने और सफाई का 90 फीसदी काम 14 दिसंबर तक पूरा करने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा है कि अगली सुनवाई पर नगर आयुक्त को क्षेत्रवार विस्तृत अनुपालन हलफनामा दाखिल करना होगा। यह आदेश न्यायमूर्ति अजीत कुमार व न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने जलभराव की समस्या पर स्वत: संज्ञान जनहित याचिका पर दिया है।
सुनवाई के दौरान नगर निगम की ओर से बताया गया कि सिल्ट निकालने और उनसे निकले कचरे की सफाई का काम चल रहा है। नालों से स्थायी स्लैब भी हटाए जा रहे हैं। जवाहर लाल नेहरू रोड, लाउदर रोड और करेली रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तस्वीरें भी पेश की गईं। लाउदर रोड और रेलवे ट्रैक के पास नए नालों का निर्माण भी चल रहा है।
कोर्ट ने रेलवे ट्रैक के किनारे नाला निर्माण में रेलवे की ओर से आपत्ति जताने पर निगम को राहत दी। कोर्ट ने नगर आयुक्त को नाले का निर्माण पूरा करने का आदेश दिया और डीआरएम को निर्माण कार्य में बाधा डालने से रोक दिया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नाला निर्माण से रेलवे की जमीन पर कब्जा नहीं माना जाएगा। रेलवे भविष्य में इस क्षेत्र का विकास करने के लिए स्वतंत्र रहेगा। कोर्ट ने डीआरएम को नगर निगम की ओर से मांगी गई अनुमति पर अपनी संस्तुति रेलवे मंत्रालय को भेजने का भी आदेश दिया।
कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि नालों से हटाए गए स्लैब दोबारा नहीं लगाए जाने चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित क्षेत्रीय स्वच्छता अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। निजी भवनों से सटे नालों के दोनों ओर नगर निगम को बाउंड्रीवाल बनाने के लिए कहा ताकि लोग नालों की ओर अपने गेट नहीं खोल सकें।
कोर्ट ने कहा कि अपर नगर आयुक्त अरविंद राय का तबादला हाईकोर्ट की अनुमति के बिना नहीं किया जाएगा। साथ ही शहरी विकास मंत्रालय के सचिव को परियोजना की फाइल मंजूर कर नगर निगम को आवश्यक धनराशि जारी करने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं होने पर अपर मुख्य सचिव, शहरी विकास को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।
